फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

30 सितंबर तक सिग्नल फ्री होगा एमपी-1 मार्ग का सफर

विज्ञापन
विज्ञापन
नोएडा (योगेश शर्मा)। दिल्ली-नोएडा को जोड़ने वाली 3.5 किलोमीटर लंबी सड़क (एमपी-1 मार्ग) को जाम मुक्त बनाने की कवायद तेज हो गई है। सड़क के चौड़ीकरण का काम शुरू कर दिया गया है। इस मार्ग के सभी चौराहे और तिराहे बंद किए जाएंगे। शनिवार से टी-सीरीज चौराहा और सेक्टर-20 बिजलीघर तिराहा बंद कर रूट डायवर्जन व्यवस्था लागू कर दी गई। प्राधिकरण ने 30 सितंबर तक इस मार्ग को सिग्नल फ्री करने का दावा किया है।
विज्ञापन

रजनीगंधा अंडरपास चौक से लेकर सेक्टर-12/22/56 तिराहे को जोड़ने वाले इस के मार्ग के दोनों ओर घनी आबादी है। दिल्ली-नोएडा से गाजियाबाद के बीच आवाजाही के लिए लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में दिनभर मार्ग पर वाहनों की रफ्तार मंद रहती है। हालांकि, प्राधिकरण ने इस मार्ग पर एलिवेटेड रोड बनाने की योजना बनाई थी, लेकिन यह फाइलों में सिमटकर रह गई है। कॉम्प्रिहेंसिव मोबिलिटी प्लान के तहत सेंट्रल रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीआरआरआई) के सुझाव पर एमपी-1 मार्ग को सिग्नल फ्री की योजना को रफ्तार दी गई है।
सभी चौराहों और कटों को बंद कर पांच जगह डबल यू-टर्न बनाने का सुझाव प्राधिकरण को दिया गया है। हालांकि, एक जगह यू-टर्न पूरी तरह बनकर तैयार है जबकि तीन जगह यू-टर्न की आउटर दीवार बनाने का काम किया जा रहा है। जिस जगह यू-टर्न बने हैं वहां सड़क को 3.5 मीटर तक चौड़ा किया जा रहा है।
विज्ञापन

चौराहे बंद होने पर यू-टर्न का सहारा
एक के बाद एक चौराहों व तिराहों को बंद कर यू-टर्न व्यवस्था लागू की जाएगी। ट्रैफिक सिग्नल प्रणाली बंद होने पर वाहन सिर्फ बायीं ओर मुड़कर जा सकेंगे। दायीं ओर जाने के लिए चौराहों से 100 मीटर आगे जाकर यू-टर्न लेना होगा। ऐसा होने से मार्ग पर वाहनों की मूवमेंट जारी रहेगी। सिग्नल की बाधा खत्म होने पर वाहनों का दबाव नहीं बढ़ेगा। यू-टर्न व्यवस्था पर करीब छह करोड़ रुपये खर्च करने का अनुमान है।
एफओबी पर फैसला कल
एमपी-1 मार्ग पर चार जगह फुटओवर ब्रिज (एफओबी) बनाने का सुझाव सीआरआरआई ने प्राधिकरण को दिया है। इसका प्रस्ताव सोमवार को उच्चाधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा। इन्हें बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर (बीओटी) के आधार पर किसी निजी एजेंसी से बनवाया जाएगा या फिर प्राधिकरण खुद निर्माण कराएगा, इसका फैसला सोमवार को होगा।
विज्ञापन

यहां बने डबल यू-टर्न
- टी-सीरीज चौराहा और सेक्टर-20 टेलीफोन एक्सचेंज चौराहे के बीच।
- सेक्टर-10/21 चौराहा और टेलीफोन एक्सचेंज के बीच सेक्टर-20 थाने के सामने।
- जलवायु विहार चौराहा और सेक्टर-10/21 चौराहे के बीच सेक्टर-10 के सामने।
- चौड़ा मोड़ चौराहा और जलवायु विहार चौराहे के बीच नोएडा स्टेडियम के सामने।
यहां एफओबी का सुझाव
- सेक्टर-4 व सेक्टर-19 के बीच
- सेक्टर-10 व सेक्टर-20 थाने के बीच
- सेक्टर-12 व नोएडा स्टेडियम के बीच
- सब्जी मंडी से चौड़ा गांव के बीच
एमपी-1 शहर का सबसे पुराना और व्यस्त मार्ग है। इसे सिग्नल फ्री बनाने का काम तेजी से किया जा रहा है। 30 सितंबर तक काम पूरा कर लिया जाएगा।
- एसपी सिंह- उप महाप्रबंधक-नोएडा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें