- हनुमान मंदिर, राइस चौक और 130 मीटर रोड स्थित तिलपता चौक पर अंडरपास बनाने की योजना
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। चार मूर्ति चौक पर गौड़ अंडरपास बनने से यातायात व्यवस्था में सुधार के बाद अब ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने जाम से निपटने के लिए तीन और अंडरपास बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इनमें दो ग्रेनो वेस्ट के हनुमान मंदिर और राइस चौक पर बनाए जाएंगे, जबकि तीसरा 130 मीटर रोड स्थित तिलपता चौक पर प्रस्तावित है। परियोजनाओं को अमलीजामा पहनाने के लिए प्राधिकरण के परियोजना विभाग ने जरूरी मंजूरी लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, ग्रेनो वेस्ट में हनुमान मंदिर और राइस चौक यातायात के लिहाज से सबसे व्यस्त स्थानों में शामिल हैं। यहां पिछले दिनों ट्रैफिक पुलिस के साथ सर्वे कराया गया था। इसमें सामने आया कि पीक आवर्स ही नहीं, सामान्य समय में भी वाहनों का दबाव अधिक रहता है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।
इन दोनों स्थानों पर चार मूर्ति चौक की तर्ज पर अंडरपास बनाने की योजना है। इनका डिजाइन इस तरह तैयार किया जाएगा कि एफएनजी रोड और नोएडा के सेक्टर-7 स्थित सोसाइटियों की ओर से आने वाले वाहन बिना चौराहे पर रुके सीधे गाजियाबाद और गौर सिटी की तरफ जा सकें। इससे सेक्टर-1 और टेकजोन-4 की सोसाइटियों में रहने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी।
वहीं, 130 मीटर रोड पर तिलपता चौक के पास भी अक्सर जाम की स्थिति रहती है। यहां ग्रेटर नोएडा से ग्रेनो वेस्ट की ओर जाने वाले वाहनों के लिए छह लेन का अंडरपास प्रस्तावित है। इसके बनने से वाहन चौराहे पर रुके बिना सीधे निकल सकेंगे और यातायात सुगम होगा।
प्राधिकरण के डीजीएम विजय रावल ने बताया कि तीनों परियोजनाओं के लिए सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद लागत का आकलन तैयार कराया जाएगा। इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की योजना है, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
एलीवेटेड रोड से भी मिलेगी राहत
तिलपता चौक पर दादरी की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी प्राधिकरण ने अलग योजना तैयार की है। इसके तहत सूरजपुर से दादरी और कंटेनर डिपो के बीच एलीवेटेड रोड बनाने का प्रस्ताव है। बजट की मंजूरी मिलने के बाद इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराई जाएगी। इसके बनने से तिलपता चौक पर वाहनों का दबाव कम होगा और दादरी की ओर आवागमन आसान हो सकेगा।