3 नए कोरोना संक्रमितों के साथ मरीजों का आंकड़ा 115 पहुंचा
नोएडा। तीन नए कोेरोना संक्रमितों के साथ जिले में मरीजों का आंकड़ा 115 पहुंच गया है। कोरोना ने 9 और 10 साल की बच्चियों को भी चपेट में लिया है। दोनों अलग-अलग जगहों की रहने वाली हैं। वहीं, तिलपता निवासी महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह अपोलो फार्मेसी में काम करती है।
स्वास्थ्य विभाग को रविवार को कुल 92 लोगों की रिपोर्ट लैब से प्राप्त हुईं। इनमें से तीन पॉजिटिव हैं। वहीं, स्वस्थ मरीजों की संख्या 71 और 44 एक्टिव केस हैं। इसके साथ ही गाजियाबाद में रहने वाले दो लोगों में कोरोना संक्रमण पाया गया है। इनकी जांच नोएडा में हुई थी। संबंधित जिले को इससे अवगत करा दिया गया है। ऐच्छर में पूर्व में कोरोना का मामला आया था। उसी के संपर्क में आकर 9 वर्षीय बच्ची भी संक्रमित हुई है। वहीं, 10 वर्षीय बच्ची सेक्टर-8 निवासी है। वह सीजफायर कंपनी से निकले वायरस संक्रमित हुई है। खांसी, जुकाम, बुखार होने पर ग्रेटर नोएडा के तिलपता निवासी 32 वर्षीय महिला की नजदीकी लैब में जांच की गई। रिपोर्ट पॉजिटिव आई। तीनों को शारदा अस्पताल में भर्ती किया गया है। ऐच्छर और सेक्टर-8 दोनों रेड जोन में हैं और हॉटस्पॉट होने के कारण पहले से ही सील हैं। वहीं, तिलपता गांव को अग्रिम आदेश तक अस्थायी रूप से सील कर दिया गया है। गौतमबुद्ध नगर में अभी तक 3053 सैंपल लिए गए हैं। यात्रा करने वालों की संख्या 2161 और क्वारंटीन में बेडों की संख्या 2883 है।
------------
सुपरटेक में कोरोना की अफवाह से अफरातफरी
सेक्टर-74 स्थित सुपरटेक सोसाइटी में कोरोना संक्रमित मरीज होने की अफवाह से अफरातफरी मच गई। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने इसे खारिज कर दिया है। एओए अध्यक्ष अरुण शर्मा ने बताया कि सेक्टर में कोरोना संक्रमित मरीज की जानकारी मिली थी। जांच में मामला फर्जी पाया गया।