अगले माह से चालू हो जाएंगे 220 केवी के तीन नए विद्युत उपकेंद्र
-ट्रांसमिशन की देखरेख में हो रहा है निर्माण कार्य पूरा, जल्द शुरू हो जाएगी टेस्टिंग
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। 220 केवी के तीन नए विद्युत उपकेंद्र अप्रैल से चालू हो जाएंगे। इस माह के अंतिम सप्ताह में इसकी टेस्टिंग शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। टेस्टिंग का काम पूरा होने के बाद आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
जिले में बिजली की मांग में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसके लिए ट्रांसमिशन की निगरानी में 220 केवीए के तीन विद्युत उपकेंद्र बनाने का काम किया जा रहा है। यह उपकेंद्र ग्रेनो के जलपुरा, नॉलेज पार्क-पांच और मेट्रो डिपो में बनकर तैयार हो गए हैं। इनके फिनिशिंग का काम चल रहा है। इन उपकेंद्रों को 31 मार्च तक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। विद्युत निगम के अधिकारियों ने बताया कि अभी बिजली की मांग 1200 से 1500 मेगावाट तक आ रही है। अप्रैल से बिजली की मांग बढ़नी शुरू हो जाएगी। उमस भरी गर्मी में मांग 2400 मेगावाट तक पहुंचने की उम्मीद है। जिले में कई डाटा सेंटर बन रहे हैं। इन डाटा सेंटरों में बिजली की खपत अधिक होती है। तीनो विद्युत उपकेंद्र चालू होने से काफी हद तक कटौती की समस्या को कम कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति मुहैया कराने में मदद मिलेगी।
जिले में डाटा सेंटर का बड़े पैमाने पर हो रहा है निर्माण
विद्युत निगम के अधिकारियों का कहना है कि अभी तक चार डाटा सेंटर ने विद्युत निगम से कनेक्शन लिया है। जो विद्युत निगम की वर्तमान खपत के 30 प्रतिशत के बराबर है। साथ ही जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी बन रहा है। वहां पर भी करीब 100 मेगावाट बिजली की जरूरत होगी। इसके अलावा डाटा सेंटर के लिए हीरानंदानी समूह ने 200 मेगावाट, माइक्रोसाफ्ट ने 120 मेगावाट, अदाणी समूह ने 80 मेगावाट, एनटीटी समूह द्वारा 70 मेगावाट का कनेक्शन लिया है।
जिले में बिजली की खपत बढ़ रही है। आने वाले वर्षों में बिजली की मांग और बढ़ेगी। इसको देखते हुए नए उपकेंद्रों का निर्माण किया जा रहा है।
-अभिषेक सिंह, अधिशासी अभियंता ट्रांसमिशन।