झोपड़ी से निकलती आग की लपटें व जला सामान।
लखनऊ। मड़ियांव में आईआईएम रोड पर बृहस्पतिवार रात सड़क किनारे झोपड़ी में एलपीजी गैस लीक होने से आग लग गई। कुछ ही देर में सिलिंडर फट गया। लपटों ने बगल की दो और झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में झोपड़ी में रह रहे प्रमोद का छह वर्षीय बेटा गोलू झुलस गया। दमकल कर्मियों ने दो गाड़ियों से आग पर काबू पा लिया।
आईआईएम रोड स्थित एसडी पैलेस के पास कई झोपड़ियां बनी हैं। इनमें से एक में प्रमोद परिवार के साथ रहते हैं। रात करीब दस बजे प्रमोद की झोपड़ी में खाना बन रहा था। तभी सिलिंडर से गैस लीक होने लगी और आग लग गई। यह देख प्रमोद परिवार संग झोपड़ी से निकल ही रहे थे तभी तेज धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। आग भयावह हो गई और पड़ोस की दो झोपड़ियाें तक पहुंच गई। सभी बाहर आ गए। मगर गोलू झोपड़ी में झुलस गया। पहले पड़ोसियों ने गोलू को केजीएमयू पहुंचाया फिर दमकल और पुलिस को घटना की सूचना दी। कुछ देर में एफएसओ बीकेटी प्रशांत कुमार अपनी टीम और दो गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे।
करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा के मुताबिक हादसे में गृहस्थी जल गई। गोलू का इलाज चल रहा है।
झोपड़ी से निकलती आग की लपटें व जला सामान।