- 22 और 23 अक्टूबर को रायबरेली में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दिखाएंगी दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर की तीन महिला तैराक रायबरेली में 22 और 23 अक्तूबर को आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय तैराकी चैंपियनशिप में मंडलीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। मंडल स्तरीय ट्रायल में शानदार प्रदर्शन के आधार पर आरोही रॉय, अदिति राय और अहाना चौधरी का चयन किया गया है। खिलाड़ियों के चयन से परिवार और अकादमी में खुशी का माहौल है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख स्थित ओलंपिया स्विमिंग अकादमी में बृहस्पतिवार को जिला खेल विभाग की ओर से मंडल स्तरीय तैराकी ट्रायल आयोजित किया गया। इसमें गौतमबुद्ध नगर की खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर और बागपत के खिलाड़ियों ने ट्रायल में भाग नहीं लिया।
प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सकता है।
पांच-पांच स्पर्धाओं में दिखाएंगी प्रतिभा :
आरोही रॉय 200 और 400 मीटर फ्रीस्टाइल, 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले, 100 मीटर बटरफ्लाई और 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में हिस्सा लेंगी। अदिति राय 100 मीटर फ्रीस्टाइल, 200 मीटर बैकस्ट्रोक, 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले, 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक और 100 मीटर बैकस्ट्रोक में चुनौती पेश करेंगी।
वहीं, अहाना चौधरी 400 मीटर फ्रीस्टाइल, 100 मीटर बैकस्ट्रोक, 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक, 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले और 200 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगी। तीनों खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका मिलेगा। उनसे जिले के लिए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।