बछरायूं (अमरोहा)। पति की मौत के बाद देवर ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया। वहीं, ससुराल वालों ने महिला को मुआवजे के रूप में नौ लाख रुपये हड़प लिए। महिला की तहरीर पर पुलिस ने तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
क्षेत्र निवासी एक महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि उनका पति बिजली विभाग में ठेकेदार के साथ काम करता था। जुलाई 2023 में काम के दौरान पति की मौत हो गई। पति की मौत पर उसे मुआवजे के रूप में 16 लाख रुपये मिले थे। उसके तीन बच्चे हैं। महिला का आरोप है कि ससुराल वालों ने पति की मौत के बाद उसके मायके वालों से उसकी शादी देवर के साथ कराने की बात कही थी।
मायके वालों के सहमति देने पर बिना शादी के ही उसके देवर ने उसका यौन शोषण शुरू कर दिया। शादी की बात के लिए कहने पर ससुराल वाले टालमटोल करने लगे। महिला का आरोप है कि कुछ दिन बाद ससुराल वालों ने उसके नाम से एक प्लॉट खरीदने की बात कर नौ लाख रुपये ले लिए। उसे बाद में पता चला कि उस प्लॉट का बैनामा सास के नाम कराया गया है। विरोध करने पर मई 2025 में उसे बच्चों के साथ मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया गया। प्रभारी निरीक्षक बालेंद्र कुमार ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।