तावडू। नूंह-तावडू रोड पर सीलखो पहाड़ में लूट की योजना बना रहे वांछित आरोपी सहित तीन बदमाशों को तावडू सीआईए पुलिस ने काबू कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक 10 अक्तूबर को सहायक उप निरीक्षक राकेश कुमार प्रभारी सीआईए तावडू के नेतृत्व में गठित टीम को गश्त के दौरान सूचना मिली कि तीन बदमाश नूंह-तावडू रोड पर राहगीरों को लूटने की योजना बना रहे हैं। सूचना के बाद मौके पर दबिश दी गई और तीनों बदमाशों को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान मुस्ताक उर्फ हुकड़ी निवासी खिल्लुका जिला पलवल, आजाद निवासी नगंला अहसानपुर जिला पलवल और जावेद निवासी पुन्हाना के रूप में हुई है।
आरोपियों के पास से दो कारतूस, रॉड, एक फर्जी नंबर की मोटरसाइकिल बरामद हुए हैं। वांछित आरोपी मुस्ताक करीब तीन महीने पहले ही विभिन्न अपराधों के लिए 6 साल की सजा काटकर जेल से बाहर आया था। मुस्ताक ने लूट, चोरी, अपहरण और अन्य करीब दो दर्जन वारदात नूंह, दिल्ली, हथीन जिला पलवल, शेरगढ़ जिला मथुरा (यूपी), गुरुग्राम, रेवाड़ी, महेंदीपुर बालाजी जिला दौसा में कबूली है। पुलिस ने बताया कि अन्य राज्यों और जिलों की पुलिस को सुचना दे दी गई है। आरोपियों का कोविड-19 टेस्ट करवाया गया है, रिपोर्ट आने पर न्यायालय में पेश किया जाएगा।