कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह का कहना है कि आरोपियों की पहचान विशेष मलिक ((32 वर्ष) निवासी लाक थाना शामली, विनायक (23) निवासी मगाधया थोक कुर्का थाना, उच्चैन भरतपुर राजस्थान व पिकअप के चालक मोहम्मद असरार अली (30) निवासी गुरौली फत्तेसिंह थाना इनायतपुर अयोध्या के रूप में हुई है। आरोपी विशेष मलिक वर्तमान में आम्रपाली गोल्फ होम्स गौर सिटी-2 में रहता है। वहीं मोहम्मद असरार वर्तमान में ओखला फेस-2 दक्षिण दिल्ली में रहता है। आरोपी विशेष मलिक, विनायक और चालक असरार अली इवेंट मैनेजमेंट और शादी समारोहों में काम करते थे।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह जिन विवाह समारोहों में काम करते थे। वहां बची हुई बियर को चुपके से पिकअप में लादकर अपने ठिकानों पर ले आते थे। बाद में यह बियर वह अपने परिचितों को सस्ते दामों में बेच देते थे। जिससे उन्हें अच्छा मुनाफा हो जाता था। आरोपियों के पास से जो बियर बरामद हुई थी वह उसे दिल्ली में आयोजित इवेंट से बचने पर ग्रेटर नोएडा लाए थे। आरोपियों द्वारा बियर को अवैध परिवहन में प्रयुक्त किया जा रहा था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी कितने समय से इस तरह की अवैध बिक्री में शामिल थे और उनका नेटवर्क कितना बड़ा है। दिल्ली प्रांत की बियर को बिना लाइसेंस के परिवहन व बिक्री करना आबकारी नियमों का गंभीर उल्लंघन है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
निवासियों ने दी थी पुलिस को सूचना
आम्रपाली गोल्फ होम्स में बियर की अवैध कालाबजारी का भंडाफोड़ निवासियों की सर्तकता से हुआ है। निवासियों ने टॉवर डी-2 में रहने वाले एक किरायेदार के फ्लैट से बियर की अवैध कालाबजारी की भारी खेप के संबंध में पुलिस को सूचना दी थी। सोसाइटी की सुरक्षा टीम ने जांच के दौरान बियर की अवैध कालाबजारी पकड़ी थी। निवासियों ने जब आरोपियों से बियर के संबंध में पूछा था तो वह सही जवाब नहीं दे पाए थे। इसके बाद निवासियों ने जमकर हंगामा किया था। सोसाइटी में हंगामे की सूचना पर पुलिस भी पहुंची थी।