ईमेल भेजकर दी गई धमकी, बम व डॉग स्क्वॉड की तलाशी में नहीं मिला विस्फोटक
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी के आठ अस्पतालों और तिहाड़ जेल में मंगलवार को बम रखे होने की धमकी मिली। दादा देव अस्पताल, हेडगेवार अस्पताल, दीपचंद्र बंधु अस्पताल, जीटीबी अस्पताल, अतरसेन जैन अस्पताल, चाचा नेहरू अस्पताल, डीडीयू अस्पताल व अंबेडकर अस्पताल और तिहाड़ को धमकी भरे ईमेल मिले। सूचना मिलते ही पुलिस व दमकल विभाग के अलावा बम व डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। तलाशी अभियान के दौरान किसी भी जगह विस्फोटक नहीं मिला।
दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि पहली सूचना सुबह 10:45 बजे आई। इसमें बताया गया कि अशोक विहार स्थित दीपचंद बंधु अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला है। दूसरी सूचना 10:55 बजे में डाबड़ी के दादा देव अस्पताल, तीसरी सूचना 11:01 बजे फर्श बाजार स्थित हेडगेवार अस्पताल, चौथी सूचना 11:12 बजे शाहदरा स्थित जीटीबी अस्पताल से मिली। साथ ही, अन्य अस्पतालों केशवपुरम में अत्तर सेन जैन अस्पताल, गीता कॉलोनी में चाचा नेहरू अस्पताल, रोहिणी स्थित अंबेडकर अस्पताल और हरिनगर स्थित डीडीयू अस्पताल से मिली।पुलिस के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों ने अस्पताल परिसरों और तिहाड़ में मोर्चा संभाला। भीड़भाड़ वाले इलाकों को खाली करा लिया गया। करीब एक घंटे चले तलाशी अभियान के बाद बम की सूचना को अफवाह करार दिया गया।
बीबल डॉटकॉम से भेजा ईमेल
पुलिस के अनुसार, ईमेल यूरोप की मेलिंग सेवा कंपनी बीबल डॉटकॉम से भेजा गया है। इस बार- courtisgod123beeble.com आईडी से मेल किया गया है। आरोपी ने लिखा है कि मैंने इमारत में विस्फोटक उपकरण रखे हैं। अगले एक घंटे में विस्फोट होगा। आपके पास बम को निष्क्रिय करने के लिए कुछ घंटे हैं अन्यथा निर्दोष लोगों का खून बह जाएगा। धमकी के पीछे कोर्ट नाम का समूह है।
रविवार को भी मिली थी धमकी
रविवार को 22 अस्पतालों, आईजीआई एयरपोर्ट व उत्तर रेलवे सीपीआरओ कार्यालय को धमकी भरा ईमेल मिला था। जबकि एक मई को दिल्ली-एनसीआर के करीब दो सौ से ज्यादा स्कूलों को बम से उड़ाने के धमकी मिली थी। एक महीने के भीतर चौथी बार यह धमकी भरा ईमेल आया है। इससे पहले 30 अप्रैल को यमुनापार के चाचा नेहरू अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। अभी तक इन मामलों में पुलिस मेल भेजने वालों की पहचान नहीं कर पाई है।