-उत्तराखंड समेत अन्य प्रदेशों से बड़ी संख्या में पहुंचे समर्थक, तीन घंटे देरी से पहुंचे आकाश आंनद
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। डॉ. भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस के आयोजन में शनिवार को हजारों की संख्या में समर्थक जुटे। बसपा से प्रमुख चेहरे भी कार्यक्रम में शामिल जरूर हुए लेकिन कुछ भी बोलने से बचते दिखाई दिए। कार्यक्रम में भीड़ बेकाबू होने से अव्यवस्थाएं भी फैलती दिखी। देर शाम तक समर्थकों की भीड़ दलित प्रेरणा स्थल पर पहुंचती रही।
सेक्टर-95 के राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल में परिनिर्वाण दिवस का भव्य आयोजन हुआ। फूल और बैनरों से आयोजन स्थल पटा रहा। नोएडा ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के कई जिलों के अलावा उत्तराखंड से भी बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित करने समर्थक आयोजन स्थल पर पहुंचे। कोई बाबा साहब का विशाल चित्र तो कोई झंडा लहराते हुए पहुंचा। बच्चों में भी खूब क्रेज दिखाई दिया। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार शामिल हुए। हालांकि वह बगैर संबोधन के ही आयोजन स्थल से निकल गए। जिससे समर्थकों में मायूसी जरूर दिखी। समर्थकों की भीड़ इतनी ज्यादा थी कि आकाश आनंद और आनंद कुमार का श्रद्धांजलि कक्ष तक पहुंच पाना मुश्किल हो गया। अव्यवस्थाओं के बीच समर्थकों को भी काफी परेशानी हुई। भीड़ में दबने से काफी समर्थक परेशान हो गए। वहीं, सड़क पर भी वाहनों का दबाव बढ़ने से यातायात प्रभावित रहा। कार्यक्रम में बसपा के जिलाध्यक्ष लख्मी सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश गौतम, पूर्व सांसद गिरीश चंद, नौशाद अली, विक्रम सिंह, सतपाल, मोहित आनंद समेत मौजूद रहे।
बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए तड़के सुबह ही घर से चल दिया था। बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे हैं।
-सूरज पाल, अलीगढ़।
डॉ. भीमराव आंबेडकर की भव्य प्रतिमा के समक्ष श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही आकाश आनंद और आनंद कुमार को देखने का अवसर भी मिला।
-मुकेश, बुराड़ी।
दलित प्रेरणा स्थल मेरे साथ 107 समर्थक आए हैं। बाबा साहब का भव्य चित्र भी साथ लेकर आए थे जो कि भेंट करना था लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी।
अजय, मेरठ।
उधम सिंह नगर से एक जत्था नोएडा आया और दूसरा जत्था लखनऊ गया है। दलित प्रेरणा स्थल में कार्यक्रम काफी भव्य रहा। -श्रद्धा सागर, उधम सिंह नगर।
जिलाध्यक्ष समेत तीन लोगों के मोबाइल हुए गायब
परिनिर्वाण दिवस के दौरान शनिवार को बसपा जिलाध्यक्ष लख्मी सिंह का फोन श्रद्धांलि सभा के दौरान गायब हो गया। इसके अलावा दो और लोगों का मोबाइल उनकी जेब से गायब हो गया। संचालक ने माइक पर अनाउंस करते हुए मोबाइल लौटाने की अपील की लेकिन मोबाइल का पता नहीं चल सका। राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल में हजारों की संख्या में जुटे समर्थकों की भीड़ बेकाबू हो गई। कोई इंतजाम न होने से काफी लोग भीड़ में दब गए और उनकी तबीयत बिगड़ने की स्थिति भी बन गई।
आकाश आनंद की झलक पाने को भीड़ हुई बेकाबू
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार शामिल हुए। जैसे ही आकाश की गाड़ी राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल में पहुंची तो भीड़ बेकाबू होने लगी। सुरक्षाकर्मी भी भीड़ को रोकने में असमर्थ दिखे। बाबा साहब की प्रतिमा तक पहुंचने के लिए आकाश आनंद और आनंद कुमार को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जैसे-तैसे वह डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की। रस्सी तोड़कर समर्थक राष्ट्रीय संयोजक की ओर बढ़ने लगे। जिससे बचने के लिए आकाश और आनंद कुमार को पीछे के रास्ते होकर बाहर आना पड़ा।
बगैर कुछ बोले निकल गए आकाश आनंद
कार्यक्रम में आकाश आनंद और आनंद कुमार को शनिवार सुबह 9 बजे पहुंचना था। हालांकि जब अतिथि पहुंचे तो दोपहर हो चुकी थी। उनके मुख से कुछ शब्द सुनने के लिए समर्थकों ने खूब आग्रह किया लेकिन आकाश ने एक शब्द न बोला। श्रद्धांजलि अर्पित करके दोनों नेता पंद्रह मिनट के अंदर ही आयोजन से रवाना हो गए। इससे समर्थकों में मायूसी साफ नजर आई।