मैराथन की थीम ‘रन फॉर हर राइट टू लर्न’ रखी गई थी। सुबह छह बजे एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, वृंदावन योजना से शुरू हुई इस दौड़ में हजारों प्रतिभागी शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमएसएमई अध्यक्ष गौरव प्रकाश ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत की।
एमिटी ग्रुप ऑफ स्कूल्स की अध्यक्ष अमीता चौहान ने बताया कि अमिताशा संस्था वर्ष 2000 से महिलाओं और बालिकाओं की शिक्षा के लिए काम कर रही है। 35 छात्राओं से शुरू हुई यह पहल आज दिल्ली-एनसीआर में तीन स्कूलों के माध्यम से 1000 से अधिक जरूरतमंद बालिकाओं को मुफ्त शिक्षा, भोजन, यूनिफॉर्म, किताबें और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। यहां छात्राओं को नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां, व्यावसायिक प्रशिक्षण और वैश्विक उन्नयन के अवसर मिलते हैं।
मैराथन दौड़ में 3 किमी और 5 किमी की दो श्रेणियां रखी गई थीं। विजेताओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय उपोष्णकटिबंधीय बागवानी संस्थान के निदेशक डॉ. टी. दामोदरन, सीएसआईआर के मुख्य वैज्ञानिक वीपी शर्मा, पार्षद संजीव अवस्थी सहित डॉ. अरुण के. श्रीवास्तव, नागेंद्र सिंह चौहान, डॉ. बीना राय, अतुल सिन्हा, डॉ. मालविका बाजपेयी, राहुल श्रीवास्तव, विपिन यादव और योगेश मिश्रा मौजूद रहे।