-जीएसटी की नई दरें लागू होने का असर, बाजारों में खासी रौनक
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर में जीएसटी की नई दरें लागू होने के बाद बाजारों में खासी रौनक देखने को मिली। जीएसटी की नई दरें लागू होने से सामान सस्ते हुए, इसका लाभ उठाने वाले बड़ी संख्या में बाजार पहुंचे। इससे उत्साहित व्यापारियों नवरात्रि में ही करीब एक हजार करोड रुपये के कारोबार की उम्मीद जताई है।
शहर के अट्टा मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार जैन ने बताया कि करीब 14 दिनों पहले तक पितृ पक्ष के चलते ग्राहकों में भारी कमी देखी गई थी। अब नवरात्रि शुरु होते ही चहल पहल बढ़ने से व्यापारियों में खुशी का माहौल है। यदि ग्राहकों की आमद ऐसी ही रही तो अकेले नवरात्रि पर ही एक हजार करोड़ का कारोबार हो सकता है। व्यापारी शिवा चौहान ने कहा कि इस नवरात्रि उम्मीद जताई जा रही है कि अच्छा व्यापार होगा। सेक्टर 18 स्थित अट्टा मार्केट के कपड़ा व्यापारी रमेश ने बताया कि जिस तरह जीएसटी की दरें कम होने से उपभोक्ता वस्तुओं के दाम गिरे हैं, ग्राहकों की खरीदारी का पैमाना भी बढ़ा है।
-
डांडिया नाइट्स से चमकेगा कपड़ा उद्योग
व्यापारियों के अनुसार नवरात्रि के दौरान गुजरात का गरबा गरबा और डांडिया जैसे हजारों उत्सव तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में इन धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों के जरिए तरह तरह के कपड़ों समेत अन्य वस्तुओं का व्यापार भी बढ़ा है। लहंगे और कुर्ते जैसे पारंपरिक परिधानों की मांग बढ़ी है।
-
पूजन सामग्री की भी मांग बढ़ी
नवरात्र के चलते पूजा सामग्री की भी बड़े पैमाने पर मांग है।जबकि फल, फूल, नारियल, दीपक, अगरबत्ती और अन्य पूजा सामग्री जैसी आवश्यक पूजा सामग्री की भी मांग में बढ़ोत्तरी हुई है। इसके अलावा टेंट हाउसेस, लॉन की बुकिंग समेत तमाम तरह के खाद्य पदार्थों की डिमांड में भी इजाफा हुआ है।