रेकी के बाद घटना की आशंका
पुलिस का कहना है कि बदमाशों ने रेकी के बाद वारदात अंजाम दी है। दुकानदार सुदेव की बेटी हिना भास्कर का कहना है कि एक-दो लोग कुछ दिनों से लगातार आसपास दिख रहे थे और दुकान के अंदर ताकझांक भी कर रहे थे। तंग गली में हुई यह घटना बगैर रेकी के संभव नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश मुख्य सड़क पर बाइक खड़ी कर तंग गली से पैदल ही दुकान तक आए थे।
पुलिस केवल खानापूर्ति कर चली गई
ज्वेलरी शॉप में चोरी की घटना ने कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस की सक्रियता व सख्ती की पोल खोल दी है। घटना के बाद कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस मौके पर पहुंची और केवल सीसीटीवी फुटेज देखकर खानापूर्ति कर चली गई। दुकानदारों का आरोप है कि कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस से कई बार अट्टा मार्केट में बेहतर तरीके से गश्त करने की मांग की गई, लेकिन पुलिस सुरक्षा या गश्त के लिए मार्केट में नहीं आती है। अगर आती भी है तो खानापूर्ति ही की जाती है।
चौकी अट्टा मार्केट में होनी चाहिए और मार्केट के अंदर ही पुलिस की ड्यूटी लगाई जानी चाहिए, तभी इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगेगा। - डॉ. सीबी झा, अध्यक्ष, अट्टा मार्केट टेडर्स वेलफेयर एसोसिएशन
मामले में पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। घटनास्थल व आसपास की सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग हाथ लगे हैं। घटना में शामिल आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -रणविजय सिंह, एडीसीपी नोएडा