मसालों में एथीलीन ऑक्साइड कीटनाशक तो नहीं, जांच में चलेगा पता
-खाद्य विभाग ने 9 रसोई मसाला निर्माता कंपनी से 10 नमूनें लेकर जांच को भेजे
-हांगकांग और सिंगापुर में भारत के कुछ मसालों पर प्रतिबंध के बाद चला अभियान
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। खाद्य विभाग ने नौ रसोई मसाला निर्माता कंपनियों के मसालों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। जहां मसालों में मुख्यत: एथीलीन ऑक्साइड कीटनाशक की जांच होगी। हांगकांग और सिंगापुर में भारत के कुछ मसालों पर प्रतिबंध लगने के बाद सरकार के आदेश पर विभाग ने अभियान चलाकर जांच की है। विभागीय अफसरों का कहना है कि मसालों के नमूनों की जांच रिपोर्ट जल्द आएगी। जो शासन को भेजी जाएगी।
हाल ही में हांगकांग और सिंगापुर ने भारत के कुछ रसोई मसालों पर प्रतिबंध लगा दिया था। वहां की सरकार ने मसालों में कैंसर के तत्व होने का दावा किया है। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने मसालों की जांच की थी। इस घटना के बाद प्रदेश सरकार ने भी मसालों की जांच के आदेश दिए थे। गौतमबुद्ध नगर के खाद्य विभाग ने अभियान चलाकर मसाला निर्माता कंपनियों की जांच की है। नोएडा और ग्रेनो में कुल 9 कंपनियों की जांच की गई। जांच में इन कंपनियों के यहां से धनिया, मिर्च, हल्दी और सब्जी मसाला समेत अन्य के 10 नमूने लिए गए हैं।
मसालें खराब ना हो, इसलिए करते हैं प्रयोग
खाद्य विभाग के अफसरों ने बताया कि एथीलीन ऑक्साइड कीटनाशक दवा का इस्तेमाल मसालों को खराब होने से बचाने के लिए किया जाता है, लेकिन यह गलत है। इसका प्रयोग करने की अनुमति नहीं है। यह कीटनाशक स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। लंबे समय तक इन मसालों का सेवन करने से कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी होने का खतरा रहता हैं।
-
इन मसाला निर्माताओ के मसालों की होगी जांच
-ग्रेनो वेस्ट की गौड़ सिटी-2 में ऐश्वर्यम मार्ट स्थित ऋषिका आटा चक्की
-नोएडा सेक्टर-69 स्थित पार्श्वनाथ इंटरप्राइजेज
-नोएडा सेक्टर-63 स्थित राकेश मसाला प्राइवेट लिमिटेड
-नोएडा सेक्टर-63 स्थित जुही एसेंस सुगंधी
-ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-4 स्थित जैन सुध फ्लेवर्स
-धूममानिकपुर दादरी स्थित आरएसके फूड्स एंड स्पाइसेज प्राइवेट लिमिटेड
-दनकौर मिर्जापुर रोड स्थित गुरु द्रोणा फूड्स प्राइवेट लिमिटेड
-नोएडा सेक्टर-69 स्थित संयुक्ति एग्रो फूड्स
- नोएडा सेक्टर-8 स्थित एक्वा-निहोरा साल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड
शासन के आदेश पर एक से 11 मई के बीच अभियान चलाकर मसाला निर्माता कंपनियों की जांच की गई है। कंपनियों से विभिन्न मसालों के 10 नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट में अगर किसी तरह की गड़बड़ी मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अर्चना धीरान, सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय, गौतमबुद्ध नगर