नोएडा (संवाद)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मेें शुक्रवार को स्थापना दिवस समारोह का दूसरा दिन प्राचार्य डॉ. राजीव कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देशन में मनाया गया। विभिन्न विभागों ने रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया।
समारोह की शुरुआत वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. दिनेश चंद एवं अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. शैली श्रीवास्तव की ओर से आयोजित विद्यार्थी हाट से हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने विविध खाद्य पदार्थों एवं मनोरंजक गतिविधियों के स्टॉल लगाए।
समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान एवं इतिहास विभाग द्वारा कला प्रदर्शनी, कार्टून, पोस्टर एवं कॉलाज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. गरिमा यादव ने हैप्पीनेस पर आधारित मनोवैज्ञानिक परीक्षण कराए। वहीं, संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने म्यूजिक मैराथन प्रस्तुत कर कार्यक्रम को मोहक बनाया।
इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में जीतने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार दिए गए। प्राचार्य डॉ. राजीव कुमार गुप्ता ने सभी आयोजनों की सराहना की। कार्यक्रम में डॉ. दिनेश चंद, डॉ. अनीता मिश्रा, डॉ. मंजू शुक्ला सहित समस्त महाविद्यालय परिवार उपस्थित रहा।