अमर उजाला संवाद
फोटो
-अमर उजाला संवाद में सेक्टर सिग्मा-3 के निवासियों ने बयां किया दर्द
-कहा, लेबर चौक को शिफ्ट किया जाए, भीड़ की वजह से होती है दिक्कत
-सार्वजनिक सेवा न होने व नालियों की जाली चोरी होने की समस्या भी बताई
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सड़क की जर्जर हालात के कारण आए दिन से सेक्टर में दुर्घटनाएं हो रही है। लेबर चौक पर भीड़ के कारण बच्चों की स्कूल बस प्रतिदिन आधे घंटे पहले आ जाती है। इससे बच्चों के साथ अभिभावकों को भी परेशानी होती है। सामुदायिक भवन की सुविधा नहीं होने के कारण दूसरे सेक्टर में शुभ कार्य करने पड़ते हैं। यह सभी मुद्दों को रविवार को अमर उजाला संवाद में से सेक्टर सिग्मा तीन के निवासियों ने उठाए।
निवासियों ने बताया कि सेक्टर के हर ब्लॉक की नालियों से जाली चोरी हो चुकी है। कई बार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया,लेकिन आज तक कोई भी समाधान नहीं निकल पाया है। उन्होंने बताया कि कुत्तों के आतंक से हर निवासी परेशान है। पहले प्राधिकरण की ओर से कुत्तों को उठाया जाता था। अब टीम कहां है किसी को कुछ पता ही नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि ग्रीन बेल्ट के नाम पर पैसे वसूल लिए गए। ग्रीन बेल्ट कहां है किसी को कुछ पता ही नहीं है। सेक्टर में दुकान तक की व्यवस्था नहीं है।
लेबर का हो सत्यापन
निवासियों ने बताया कि सेक्टर में लेबर रहती है। उसका सत्यापन होना चाहिए। सेक्टर की सर्विस रोड की एप्रोच रोड बेहद खराब है। जल्द से जल्द बनाई जानी चाहिए। सेक्टर के बी ब्लॉक में करीब 15 दिन से स्ट्रीट लाइट नहीं जल रही है। उसे तत्काल सही कराया जाना चाहिए। इसमें साथ ही सार्वजनिक परिवहन की सेवा फिर से शुरू होनी चाहिए। जिससे निवासियों को राहत मिल सके।
बोले निवासी
लेबर चौक दूसरी जगह शिफ्ट होनी चाहिए, जिससे जाम से छुट्टी मिले।
- उर्मिला शर्मा
कुत्तों के लिए जल्द से जल्द कोई सख्त फैसला प्राधिकरण ले,जिससे लोगों को राहत मिले।
- गीतिका सक्सेना
सामुदायिक भवन का निर्माण सेक्टर में होना चाहिए। जिससे सीनियर सिटीजन को एक मंच मिल सके।
- उपेंद्र कुमार
सेक्टर में रह रही हर लेबर का सत्यापन हो। जिससे आपराधिक वारदातों को रोका जा सके।
-जितेंद्र शर्मा
बी ब्लॉक की स्ट्रीट लाइट 15 दिनों से नहीं जल रही है। जिसे तत्काल सही किया जाना चाहिए।
- मनोज चौहान
ग्रीन बेल्ट के नाम पर की गई वसूली गई रकम को वापस किया जाना चाहिए।
- राजीव कुमार