मलेरिया विभाग ने जारी की सूची, तीनों प्राधिकरणों को दवा का छिड़काव और फॉगिंग के लिए दी सूची
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। मलेरिया विभाग ने जिले में 39 स्थानों को संवेदनशील घोषित किया है। तीनों प्राधिकरणों को इसकी जानकारी दी है। यहां दवा का छिड़काव होगा। कई सेक्टरों व सोसाइटियों में जलभराव होता है। मंगलवार को विभाग ने सोसाइटी को बेसमेंट में पानी भरने के कारण नोटिस दिया।
जिला मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा ने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर मलेरिया विभाग नियमित नजर रखता है। दवाओं के छिड़काव के साथ ही जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाते हैं। तीनों प्राधिकरणों को इसकी जानकारी दी गई है, ताकि वे भी इन स्थानों पर दवाओं का छिड़काव, फॉगिंग आदि करा सकें। जून तक मलेरिया के 26 और डेंगू के 19 मरीज मिल चुके हैं। मच्छरों के पनपने के कारण अगस्त, सितंबर और अक्तूबर में इन मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा होगा।
-
ये स्थान हैं संवेदनशील
नोएडा में सेक्टर-22, सेक्टर-8 जेजे कॉलोनी, भंगेल, सालारपुर, रायपुर, सदरपुर, बरौला को संवेदनशील घोषित किया गया है। ग्रेटर नोएडा में सेक्टर डेल्टा टू, पाई, अल्फा वन, बीटा वन, डाढ़ा और ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-36 सहित कई क्षेत्र इसमें शामिल हैं। जेवर में किशोरपुर, मायना आदि को चिह्नित किया गया।