पेड़ों की छंटाई नहीं होने से मॉनसून में हो सकती है परेशानी
- विभागों में तालमेल नहीं होने से समस्या, 30 से ज्यादा सेक्टरों के निवासी परेशान, उद्यानऔर बिजली विभाग में कर रहे शिकायत
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। उद्यान विभाग और बिजली विभाग की लापरवाही से सेक्टरों में पेड़ों की छंटाई नहीं हो पा रही है, जबकि मॉनसून आने को है। सेक्टरवासियों का कहना है हवा चलने पर पेड़ की टहनियां पोल में उलझ रही हैं। बारिश के दौरान परेशानी बढ़ सकती है। कई बार छंटाई के लिए बिजली विभाग के साथ उद्यान विभाग को शिकायत की गई, लेकिन कोई अधिकारी सुनने को तैयार नहीं है।
सेक्टर-34 निवासी अभिषेक ने बताया कि मानस हॉस्पिटल से बिलांबाग वाली रोड पर पेड़ों की टहनियां पोल से लगी हुई हैं। तेज हवा और बारिश के दौरान समस्या हो सकती है। सेक्टर-22 निवासी सुदर्शन अवस्थी ने बताया कि ए ब्लाक में प्राधिकरण और बिजली विभाग में तालमेल न होने के कारण पेड़ इतने बड़े हो गए की बिजली के पोल के उपर टहनियां आ गई है। आए दिन स्पार्किंग होती है।
सेक्टर-71 के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सुनील वाधवा और सेक्टर-73 निवासी अनिल ने बताया कि पूरा ट्रांसफार्मर पेडों की टहनियों से घिर गया है। उद्यान विभाग के लोग आते हैं, लेकिन बिजली का शटडाउन नहीं मिलने से छंटाई नहीं हो पाती। इसी तरह सेक्टर-51, 50, 122, 121, 44, 45 समेत 30 से ज्यादा सेक्टर ऐसे हैं, जहां पर पेड़ों की छंटाई नहीं हुई है। सेक्टर-51 के आरडब्ल्यूए महासिचव संजीव कुमार ने बताया कि वह कई बार विभाग शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का हल नहीं हुआ।
बिजली विभाग जब-जब शिकायत करता है उस आधार पर प्राधिकरण का उद्यान विभाग पेड़ों की छंटाई का काम करता है। अभी भी कई स्थानों पर काम प्रगति पर है।
वंदना त्रिपाठी, एसीईओ, नोएडा प्राधिकरण