ग्रेटर नोएडा की हिमालय प्राइड सोसायटी में बंद फ्लैट का ताला तोड़कर चोरों ने 18 मिनट में लाखों की संपत्ति चोरी कर ली। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है।
-सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए बदमाश, 18 मिनट में अंजाम दिया वारदात
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र की हिमालय प्राइड सोसायटी में बंद फ्लैट का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और विदेशी मुद्रा पर हाथ साफ कर दिया। वारदात पड़ोसी फ्लैट के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक हापुड़ निवासी व्यापारी छत्रपाल शर्मा उर्फ सिद्धार्थ परिवार संग सोसायटी के डी-टावर स्थित फ्लैट नंबर में रहते हैं। उनकी पत्नी स्वीकृति सीतापुर में शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं। बुधवार को दोनों फ्लैट बंद कर बाहर गए थे। शाम करीब 7:30 बजे स्कूटी पर सवार दो बदमाश सोसायटी के गेट पर लगे कैमरे में नजर आए। उनमें से एक ने हेलमेट पहन रखा था। इसके करीब 25 मिनट बाद बदमाश फ्लैट पर पहुंचे और दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हो गए। सिर्फ 18 मिनट के भीतर बदमाश अलमारी से 28 से 30 तोला सोना, करीब एक लाख रुपये नकद, साढ़े आठ हजार अमेरिकी डॉलर, ढाई हजार मलेशियन करेंसी (मलेशियाई रिंग्गित), दस हजार थाई मुद्रा और 15 ब्रांडेड घड़ियां चोरी कर ले गए। घटना के बाद जब पीड़ित परिवार लौटा तो चोरी का पता चला। वहीं बिसरख कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।