तावडू। पटौदी चौक के नजदीक राव लाल सिंह मार्केट में बदमाशों ने एक रात में चार दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। यह घटना वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। शिकायत मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पीड़ित वीरेंद्र सिंह ने बताया कि राव लाल सिंह मार्केट में उनकी हार्डवेयर की दुकान है। साथ में ही दो कॉस्मेटिक और एक नमन ट्रेडिंग के नाम से दुकान है। सोमवार देर शाम सभी दुकान मालिक अपनी दुकानों में ताला लगाकर घर गए थे। सुबह उन्हें सूचना मिली की मार्केट में उनकी दुकान सहित कुल चार दुकानों के ताले टूटे हुए हैं। जांच पड़ताल करने पर सभी दुकानों से कुल लगभग 17 हजार रुपये नकद और हार्डवेयर और कॉस्मेटिक का जरूरी सामान चोरी हो गया है। उन्होंने बताया कि वहां पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे की जांच पड़ताल करने पर उसमें एक युवक दिखाई दे रहा है जो रॉड से ताला तोड़ने का प्रयास कर रहा है। पीड़ित की शिकायत पर शहर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।