मेरठ। अमरोहा की एक युवती ने मेरठ निवासी शिक्षक को फर्जी दस्तावेज के आधार पर पति बनाकर क्रेडिट कार्ड बनवा लिया। इस पर 6.3 लाख रुपये का लोन ले लिया। जब पीड़ित के पास बैंक के फोन आए तो घटना की जानकारी हुई। पीड़ित ने सोमवार को एसएसपी के समक्ष शिकायत दी है। एसएसपी ने जांच के निर्देश दिए है।
टीपीनगर थाना क्षेत्र के बागपत रोड निवासी विवेक ने एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि वह सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कराते है। मार्च 2024 में फेसबुक से उनकी मुलाकात अमरोहा निवासी युवती से हुई थी। इसके बाद दोनों में दोस्ती हो गई थी। पीड़ित ने बताया कि जून 2024 में युवती उनसे मिलने के लिए मेरठ आई थी। आरोप है कि युवती ने पीड़ित से मुरादाबाद में बैंक खाता खुलावाने के लिए कहा था। इसके बाद उसे गवाह के रूप में हस्ताक्षर करवाए थे। युवती ने उनके पैन कार्ड, आधर कार्ड की फोटो कॉपी ले ली थी।
विवेक ने आरोप लगाया कि युवती ने उसे फर्जी तरीके से अपना पति दिखाकर दस्तावेज के आधार पर धोखाधड़ी करते हुए क्रेडिट कार्ड बनवा लिया। उस पर 6.3 लाख रुपये का लोन ले लिया था। मामले की जानकारी के बाद पीड़ित ने युवती की इस तरह की गतिविधि का विरोध किया था। विवेक ने युवती पर अभद्र भाषा व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। विवेक के अनुसार युवती ने उससे 6.3 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि शिकायत पत्र के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।