तावडू। रविवार सुबह आई तेज बरसात से गांव चाहल्का में दो मकानों की दीवारें ढह गईं। इसकी चपेट में आने से एक ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं एक महिला के पैर में चोट आई है। इसके अलावा गांव निजामपुर व सुंध में भी घर की दीवारों में दरार बताई गई है। तावडू में 66 एमएम बरसात रिकॉर्ड दर्ज की गई है।
चाहल्का निवासी समाजसेवी सलमु ने बताया कि रविवार सुबह आई तेज बरसात के कारण ग्रामीण इस्माल व उमर मोहम्मद के मकानों की दीवार ढह गई। इससे पास में खड़ा ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि इस दौरान परिवार का कोई सदस्य वहां पर मौजूद नहीं था। इसके अलावा उमर मोहम्मद के मकान की दीवार गिरने के दौरान एक महिला चपेट में आ गई जिससे उसके पैर में चोट आई है। दोनों मकानों की दीवार ढहने से काफी घरेलू सामान का भी नुकसान हुआ है। वहीं, गांव सुन्ध निवासी रवि ने बताया कि तेज बारिश के कारण पड़ोस में रहने वाले हीरालाल के मकान में दरार आ गई। उसके बाद मकान खाली करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि मकान की दीवार के साथ पीछे से नाली जा रही है जो हाल ही में बनाई गई थी। सुबह बरसात में इसमें गहरा गड्ढा हो गया जिसके कारण उनके मकान की नींव हिल गई है।
निजामपुर निवासी आकिब ने बताया कि पूरे गांव में रास्ते पहले से ही खराब हैं। लगातार हो रही बरसात से पूर गांव के सभी रास्तों और गलियों में भारी जलभराव हो गया है। यहां भी एक मकान में दरार आ गई। बाद में दीवार भारी बारिश व जलभराव के कारण ढह गई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई हादसा नहीं हुआ। इसके अलावा तावडू शहर के सोहना रोड, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, तावडू नई अनाज मंडी परिसर, व खोरीकला में तावडू भिवाड़ी मार्ग पर भारी जलभराव हो गया।