थाना मुनि की रेती क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कैलास गेट स्थित ओमकारानंद सरस्वती निलयम स्कूल के सामने एक पुराने मकान के ध्वस्तीकरण के दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि उस वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था, लेकिन सड़क किनारे खड़े तीन दोपहिया वाहन मलबे की चपेट में आ गए। इस घटना से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। वाहन स्वामियों ने ठेकेदार का विरोध किया।
कैलास गेट से ओमकारानंद सरस्वती निलयम स्कूल के सामने वाली गली में करीब 15 दिनों से पुराने भवन का ध्वस्तीकरण का काम किया जा रहा है। संबंधित ठेकेदार की ओर से सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। इस गली में सुबह से लेकर रात तक लोगों की आवाजाही लगी रहती है।
छुट्टी होने के कारण कुछ युवा ओमकारानंद सरस्वती निलयम स्कूल के मैदान में खेलने के लिए आए थे। उन्होंने अपनी बाइक और स्कूटी सड़क किनारे पार्क की थी। दोपहर करीब 3:30 बजे ध्वस्तीकरण के दौरान छत का एक हिस्सा तेज झटके के साथ टूटकर भवन की दीवार पर जा गिरा। इससे दीवार का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया।
इस दौरान सड़क किनारे पार्क की गई दो स्कूटी और एक मोटरसाइकिल मलबे में दब गई। घटना के बाद आसपास धूल का गुबार छा गया। लोग अपने घरों से बाहर निकल पड़े। देखते-देखते वहां जाम लग गया। सूचना के बाद कैलास गेट चौकी से पुलिस भी मौके पहुंची।
ढालवाला निवासी विनय राणा, तपोवन निवासी साहिल और एमआईटी के खेल शिक्षक सनी ने बताया कि वह रोजाना की तरह ओमकारानंद सरस्वती निलयम स्कूल में बास्केटबाल का अभ्यास करने के लिए आए थे। धमाके की आवाज के बाद जब बाहर आए तो उनके वाहन मलबे के नीचे दबे थे। जेसीबी की मदद से वाहनों को निकाला गया। ठेकेदार ने वाहनों की मरम्मत का आश्वासन दिया है।
-
कोट-
कैलास गेट क्षेत्र में दीवार गिरने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। अभी किसी की ओर से तहरीर नहीं आई है। - प्रदीप चौहान, प्रभारी निरीक्षक, थाना मुनि की रेती