महोली। नरनी गांव में दहशत बन चुकी बाघिन आखिरकार शनिवार रात शिकंजे में आ गई। कतर्निया से आई विशेषज्ञों ने की टीम ने देर रात उसे ट्रेंकुलाइन करके पकड़ लिया।
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) नवीन खंडेलवाल ने बताया कि बाघिन को पकड़ लिया गया है। उसे इलसिया स्थित वन विभाग के कार्यालय में सुरक्षा के बीच रखा गया है। रविवार सुबह मुख्य वन संरक्षक के निर्देश पर आगे की कार्यवाही होगी।
शुक्रवार रात भी पांचवां पड़वा खा गई थी बाघिन:
पिछले 31 दिनों में वन विभाग द्वारा अलग-अलग स्थानों पर बांधे गए चार पड़वों को बाघिन खा चुकी थी। शुक्रवार रात उसने पांचवें पड़वे का भी शिकार कर लिया। दरअसल, 22 अगस्त को नरनी निवासी सौरभ दीक्षित देर शाम खेतों की ओर गए थे। इसी दौरान बाघिन ने सौरभ को निवाला बना लिया था। घटना के बाद उसे पकड़ने के लिए दुधवा टाइगर रिजर्व के विशेषज्ञ डॉ. दयाशंकर की अगुआई में टीम ने नरनी स्थित कमांड सेंटर में डेरा जमाया था।
वन विभाग की ओर से रेस्क्यू करने के लिए अब तक छह पड़वों को बांधा गया है, जिनमें से चार को बाघिन पहले ही निशाना बना चुकी है। ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार रात बाघिन पांचवें पड़वे को भी खा गई। अब वह शिकंजे में आ सकी। सूत्र बताते हैं कि कॉम्बिंग के दौरान टीम को तीन बाघ दिखे थे, जिसकी वजह से बाघिन को ट्रेंकुलाइज नहीं किया जा सका था। इसके बाद इसी स्थान पर पांचवां पड़वा बांधा गया।
ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 4:00 बजे जंगली जानवर शिकार से करीब 10 मीटर दूर गन्ने के खेत में बैठा रहा। टीम उसके गन्ने के खेत से बाहर आने का इंतजार करती रही। देर रात टीम को सफलता मिल गई।