तीनों प्राधिकरण तय करेंगे नए एक्सप्रेसवे का रास्ता
-नोएडा-ग्रेनो के बीच नए एक्सप्रेसवे के लिए शुक्रवार को हुई बैठक, एनएचएआई की एजेंसी समेत तीनों प्राधिकरण हुए शामिल
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा-ग्रेनो के बीच प्रस्तावित नए एक्सप्रेसवे के एलाइनमेंट को लेकर शुक्रवार को नोएडा प्राधिकरण के प्रशासनिक भवन में बैठक हुई। बैठक में नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना प्राधिकरण सिंचाई विभाग, नेशनल हाईस्पीड रेल कॉरपोरेशन और एनएचएआई की सलाहकार एजेंसी के प्रतिनिधि शामिल हुए। यह तय हुआ कि नोएडा में दिल्ली-नोएडा-डायरेक्ट फ्लाईवे से सेक्टर-150 तक एक्सप्रेसवे निकाला जाएगा। इसके आगे का एलाइनमेंट ग्रेटर नोएडा व यमुना प्राधिकरण अपने-अपने क्षेत्र में तय करेंगे।
बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के सलाहकार द्वारा अवगत कराया गया कि इस एक्सप्रेसवे को डीएनडी से शुरू कर ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे चाई-4 तक मिलाया जाना प्रस्तावित है। अभी तक इसको सेक्टर-150 के पास यमुना एक्सप्रेसवे तक बनाया जाना प्रस्तावित था। यहां से इसको परी चौक भी जोड़ा जाना था। अधिकारियों ने बताया कि यमुना क्षेत्र में 130 मीटर रोड बनाई जानी प्रस्तावित है। इस रोड को एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। बैठक में तय हुआ कि एक्सप्रेसवे का एलाइनमेंट तीनों प्राधिकरण के क्षेत्र के हिसाब से अधिकारियों की सहमति से तय किया जाएगा। नेशनल हाईस्पीड रेल कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने भी इस परियोजना को लेकर अपने बिंदु रखे। कॉरपोरेशन की दिल्ली-वाराणसी हाई-स्पीड रेल परियोजना भी एक्सप्रेस-वे किनारे प्रस्तावित है। इसलिए एक्सप्रेस-वे के एलाइनमेंट में सुझाव लिया जा रहा है।