पुन्हाना। 6 माह पहले गांव सुनहेड़ा स्थित प्राइमरी स्कूल के कमरों के आगे बने बरामदे की छत का कुछ हिस्सा गिर गया था। इस संबंध में मौलिक शिक्षा विभाग चंडीगढ़ के निर्माण शाखा विभाग ने मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम का गठन किया है। आरोप है कि भवन के निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया था।
करीब 13 साल पहले प्राइमरी स्कूल के कुछ कमरों का निर्माण कराया गया था। 6 माह पहले बरामदे की छत का कुछ हिस्सा गिर गया था। तीन दिन पहले भी बरामदे की दीवार गिर गई थी। हालांकि कई वर्षों से इन कमरों में बच्चों को बैठाया नहीं जाता है। कुछ समय पहले तक एक कमरे में रसोई चल रही थी। अध्यापकों की आपसी खींचतान के कारण यह मामला चंडीगढ़ तक पहुंच गया। मौलिक शिक्षा विभाग चंडीगढ़ के निर्माण शाखा विभाग ने मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम गठित कर दी है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि जहां पर स्कूल के कमरे बने हैं, उसके पीछे तालाब है। इसमें हर समय पानी भरा रहता है। मरम्मत न होने की वजह से बरामदे की छत का कुछ हिस्सा गिर चुका है। इस मामले में पहले भी कई बार जांच हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई निष्कर्ष नहीं निकला।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अनूप सिंह जाखड़ का कहना है कि निर्माण शाखा विभाग ने मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम गठित कर दी है। जल्द ही जांच कर टीम रिपोर्ट भेज देगी। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।