नूंह। उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने प्राइवेट अस्पतालों को निर्देश जारी किए हैं कि जितनी ऑक्सीजन की जरूरत हो, उतने की ही डिमांड करें। अनावश्यक ऑक्सीजन का स्टॉक न करें। उपायुक्त ने कहा कि जल्द प्रशासनिक अधिकारियों की टीम प्राइवेट अस्पतालों में ऑक्सीजनों के स्टॉक की जांच करेगी। अगर किसी अस्पताल में अनावश्यक ऑक्सीजन का स्टॉक पाया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि जिन मरीजों को ऑक्सीजन की जरूरत नहीं है, उन्हें वेंटिलेटर या आईसीयू में न रखें। कोरोना महामारी से उत्पन्न इस संकट की घड़ी में पैसा कमाने की बजाय मानवता की सेवा के लिए सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जिले में ऑक्सीजन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। प्रशासन की टीम प्राइवेट अस्पतालों में ऑक्सीजन उपलब्ध करवाएगी। इसके लिए प्रबंधन को दो घंटे पहले सूचना देनी होगी। उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि प्राइवेट अस्पताल संचालक बाजारों से रेमडेसिविर इंजेक्शन मंगवाने का दबाव न बनाएं।