सेमरियावां सीएचसी पर दवा के लिए लगी लाइन-संवाद
सेमरियावां। सरकार की सख्ती के बाद सीएचसी अधीक्षक सेमरियावां ने डॉक्टरों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बाहर से दवा लिखने पर रोक लगा दी है।
सीएचसी अधीक्षक डाॅक्टर सुरेश चंद्र ने डॉक्टरों से बाहर की दवाएं नहीं लिखने का शपथ पत्र मांगा है। अस्पताल में रोक का असर दिखने लगा है। मरीजों को अस्पताल के अंदर से ही दवाएं दी जा रही हैं। इसके पहले चिकित्सक धड़ल्ले से बाहर की दवाओं लिखते थे। बताया जाता है कि कमीशन के चक्कर में बाहर से दवा लिखी जाती थी। बाहर अब मेडिकल स्टोरों पर मरीजों की भीड़ नहीं दिखती है।
30 शैय्या वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरियावां में इलाज के लिए सेमरियावां ब्लॉक के साथ ही आंशिक रूप से बघौली, बेलहर कला, सांथा, बस्ती जनपद के साऊंघाट, रुधौली ब्लाॅक के गांवों के लोग आते हैं। इस सीएचसी पर पांच लाख से अधिक जनसंख्या इलाज के लिए आश्रित है। प्रतिदिन 400-500 मरीज इलाज के लिए आते हैं। प्रदेश सरकार की ओर से स्वास्थ्य केंद्रों तक निशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सीएचसी अधीक्षक डाॅक्टर सुरेश चंद्र ने पत्र जारी कर बाहर की दवाएं लिखने पर पूरी तरह रोक लगा दी है।
सीएचसी सेमरियावां अधीक्षक डाॅक्टर सुरेश चंद्र ने कहा कि बाहर की दवाएं लिखने पर रोक लगाने के लिए सभी डॉक्टरों से शपथ पत्र लिया जा रहा है। जो लापरवाही करेंगे और बाहर की दवाएं लिखेंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।