ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की गौड़ सिटी वन स्थित गैलेक्सी नॉर्थ एवेन्यू सोसाइटी की अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) ने पहल करते हुए सोसाइटी का 230 करोड़ का बीमा कराया है। अगर किसी फ्लैट में आग लगी या चोरी होती है तो उसके नुकसान की भरपाई भी बीमा से होगी। एओए अध्यक्ष सुजीत कुमार चौबे ने बताया कि जनवरी में बिल्डर से सोसाइटी के रखरखाव की जिम्मेदारी मिली थी। सोसाइटी को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इस कड़ी में सोसाइटी का बीमा कराया गया है, ताकि अगर किसी तरह का नुकसान होता है तो उसका भार निवासियों पर न पड़े। दिल्ली एनसीआर भूकंप के सबसे खतरनाक जोन में हैं। साथ ही, आतंकी हमला या फिर सामुदायिक हिंसा में सोसाइटी को नुकसान पहुंच सकता है। ट्रांसफार्मर में आग लग जाती है तो नुकसान पर होने वाले खर्च से बचने के लिए पूरी सोसाइटी का कराया गया है। अगर कुछ नुकसान होता है तो बीमा से उसकी भरपाई होगी। सोसाइटी में 815 परिवार रहते है। सोसाइटी की बिल्डिंग से प्लास्टर या ईंट किसी के ऊपर गिरती है तो वह भी बीमा में कवर होगी। सोसाइटी का बीमा होने से निवासियों पर आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा।
निवासियों को दी जा रही अन्य राहत
एओए के सदस्यों ने बताया कि सोसाइटी में अभी तक करीब 40 काम करवा चुके हैं। इनमें जीएसटी माफ करना, मेंटेनेंस कम करना, पानी के बिल का निस्तारण कराना जैसे मुख्य काम शामिल हैं। इन कामों को होने से निवासियों को काफी राहत मिली है। मुख्य गेट का सौंदर्यीकरण कराया गया है। सोसाइटी में दो इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग प्वाइंट लगवाने का काम चल रहा है। 20 सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं।