- निवासियों का आरोप, पिछले 20 दिन से सोसाइटी में जल संकट, 12 अक्तूबर से अब तक 121 प्राइवेट टैंकर एओए ने खरीदे
- तीन लाख रुपये का खरीदा गया अब तक पानी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित एग्जोटिका ड्रीमविले सोसाइटी में पानी का संकट गहराता जा रहा है। निवासियों का आरोप है कि कम प्रेशर से पानी आने के कारण सोसाइटी में लोगों के घर पानी नहीं पहुंच पा रहा है। 1700 से अधिक परिवार पानी के लिए परेशान हैं। उनका कहना है कि सोसाइटी में प्रतिदिन साढ़े आठ लाख लीटर पानी की खपत है, लेकिन उन्हें केवल तीन लाख लीटर ही पानी ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से दिया जा रहा है। जिसके कारण पानी को बाहर से मांगना पड़ रहा है। प्राधिकरण के शिकायत करने के बाद उन्हें शुक्रवार को केवल छह टैंकर दिए गए हैं। जो पांच हजार लीटर के हैं। उनसे इतनी बड़ी सोसाइटी में सप्लाई नहीं हो सकती। एओए की टीम को बाहर से प्राईवेट टैंकर मांगा कर सप्लाई करानी पड़ी रही है।
एओए उपाध्यक्ष सुजीत ने बताया कि सोसाइटी में 12 अक्तूबर से जल संकट है। अब तक 121 प्राइवेट टैंकर मंगाए जा चुके हैं। 25 हजार लीटर के टैंकर को मंगाने पर 2500 रुपये देने पड़ रहे हैं। जिसका सीधा असर निवासियों की जेब पर पड़ रहा है। अब तक तीन लाख से भी अधिक रुपये का पानी खरीदा जा चुका है।
उन्होंने बताया कि प्राधिकरण के अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया है,लेकिन कोई समाधान अब तक निकल नहीं पाया है। निवासी लगातार पानी की कमी से जुझ रहे हैं। आरोप है कि पानी की आपूर्ति नाममात्र की हो रही है। प्राधिकरण से कभी पानी आता है तो कभी प्रेशर काफी कम रहता है। ज्यादातर समय पानी नहीं आ रहा है। इस कारण सोसाइटी में पानी की किल्लत चल रही है।
वहीं, प्राधिकरण के अधिकारियों को कहना है कि सोसाइटी में पानी की सप्लाई लगातार की जा रही है। सोसाइटी के लिए कई घंटे अतिरिक्त बोरवेल भी चल रहा है। उन्होंने बताया कि पानी के टैंकर भी भेजे जा रहे हैं। इसके साथ ही शनिवार को सोसाइटी में पानी की सप्लाई कितनी हो रही है। उसके लिए मीटर लगाया जाएगा।