संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। साइबर सिटी में मच्छरजनित बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की ओर से फॉगिंग के दावे किए जा रहे हैं लेकिन अधिकांश सेक्टरों में अब तक फॉगिंग नहीं हुई है। हाल ही में जिला प्रशासन ने एंटी डेंगू माह मनाया था। इसके बाद भी जिले में डेंगू के दो मरीजों की पुष्टि हुई है। वहीं, मलेरिया के आठ मामले सामने आए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मलेरिया की जांच के लिए अब तक 6,848 लोगों के ब्लड सैंपल लिए जा चुके हैं। विभाग का कहना है कि फॉगिंग के लिए नगर निगम को सभी आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करा दी गई हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कार्रवाई न के बराबर है।
सेक्टर-51 के प्रधान अमित गोस्वामी ने बताया कि क्षेत्र में मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और बार-बार अनुरोध के बावजूद फॉगिंग नहीं कराई गई है। लापरवाही के कारण लोगों में संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है और प्रशासन ने अबतक कोई कार्रवाई नहीं की है।