नोट- कृपया ऑनलाइन न चलाएं।
-पुरानी को ब्लैकलिस्ट करने के बाद नई एजेंसी के चयन को टेंडर जारी न होने का मामला
माई सिटी रिपोर्टर,
नोएडा। सेक्टर-151 ए में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल गोल्फ कोर्स के बचे हुए काम कराने को टेंडर जारी करने में देरी हो रही है। नोएडा प्राधिकरण ने करीब ढाई महीने पहले यहां पर काम कर रही एजेंसी को ब्लैकलिस्ट कर दिया था। अब काम को रफ्तार देने के लिए नई एजेंसी का चयन होना है। इसके लिए टेंडर की शर्तें बदलने की तैयारी है। अफसरों के मुताबिक, नए नियमों के तहत उन्हीं एजेंसियों के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे, जिन्हें गोल्फ कोर्स बनाने का अनुभव हो। जल्द टेंडर दस्तावेज तैयार कर मंजूरी के लिए सीईओ के पास भेजे जाएंगे।
नोएडा प्राधिकरण ने जुलाई में निर्माण एजेंसी कश्यपी इंफ्रास्टक्चर प्राइवेट लिमिटेड को ब्लैक लिस्ट कर दिया था। इसके साथ ही एजेंसी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करा दी गई थी। कारण बताया गया था कि एजेंसी काम में तेजी नहीं ला पा रही थी। उस समय अधिकारियों ने दावा किया था कि एक महीने के अंदर बचे काम पूरे करने के लिए नए सिरे से टेंडर जारी कर दिया जाएगा लेकिन करीब ढाई महीने बाद भी प्राधिकरण टेंडर जारी नहीं कर सका है। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि सिविल के बचे काम पर करीब 40 करोड़ रुपये का खर्चा आएगा। जीएसटी सहित यह राशि करीब 43 करोड़ रुपये होगी। अधिकारियों ने दावा किया कि एक सप्ताह में टेंडर जारी कर दिया जाएगा। गोल्फ कोर्स का काम जुलाई 2021 में शुरू हुआ था। प्राधिकरण के अधिकारियों ने उस समय दावा किया था कि यह डेढ़ साल 2022 के अंत तक बनकर तैयार हो जाएगा लेकिन अभी करीब 35 प्रतिशत से अधिक काम अधूरा है। यह परियोजना मौजूदा समय में करीब 140 करोड़ है।