नोएडा (संवाद)। सेक्टर-12 स्थित राजकीय इंटर कॉलेज कक्षा 11 के छात्र अजय कुमार ने पैरा एथलेटिक्स में मेहनत और लगन से खास पहचान बनाई है। अजय का चयन जैवलिन थ्रो और डिस्कस थ्रो के लिए राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हुआ है। यह प्रतियोगिता 26 से 28 सितंबर तक हैदराबाद में आयोजित होगी। प्रदेश स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में अजय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जैवलिन थ्रो में रजत और डिस्कस थ्रो में स्वर्ण हासिल किया था। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. रितु सिंह ने बताया कि अजय के प्रशिक्षण हेतु ट्रैकसूट, स्पोर्ट्स शूज और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। अजय इस समय कोच अंकित की देखरेख में लगातार अभ्यास कर रहे हैं। कोच का कहना है कि अजय बेहद मेहनती खिलाड़ी है। वह हैदराबाद से मेडल जीतकर लाएगा।