-नोएडा-ग्रेनो से लेकर कालिंदी कुंज तक रेंगते नजर आए वाहन, जलभराव ने किया परेशान
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर में रुककर हो रही बारिश के चलते शहरवासियों को जाम से जूझना पड़ा। कहीं बारिश के चलते जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई, तो कहीं बिजली के फॉल्ट ने बिजली गुल कर दी। हालांकि दोपहर में कुछ समय के लिए मौसम साफ रहा, लेकिन शाम होते ही कुछ देर के लिए हुई भीषण बारिश के चलते सभी जाम से जूझते नजर आए।
शहर के प्रमुख स्थान जैसे महामाया फ्लाइओवर, नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे, चिल्ला बॉर्डर, कालिंदी कुंज, सेक्टर 62, 59 समेत भंगेल व सेक्टर 93 में जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। खासकर यह समस्या तब बढ़ गई जब शाम होते ही शहरवासी पीकऑवर के दौरान अपने दफ्तरों से घरों के लिए रवाना होने के लिए निकले और उसी दौरान ही आसमान पर छाए काले बादल बरसने लगे। तेज बारिश ने जगह-जगह जलभराव की स्थिति उत्पन्न कर दी। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस को कुछ स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्ट कर दूसरी ओर से गुजारना पड़ा। ट्रैफिक पुलिस की कई टीमें पूरे शहरभर में ट्रैफिक व्यवस्था के प्रबंधन में लगी रहीं। कुछ स्थानों पर जलभराव से खराब हुए वाहन भी परेशानी का सबब बने।
शहर में रहा बिजली का संकट
तेज बारिश के चलते विद्युत आपूर्ति भी जवाब दे गई। कई स्थानों पर बिजली गुल हो गई तो फॉल्ट की समस्या भी रही। देर रात सेक्टर 66, सेक्टर 105 समेत अन्य स्थानों पर ट्रांसफार्मर में फॉल्ट आने के चलते कुछ देर के लिए बिजली गुल रही। कुछ स्थानों पर बिजली के तारों में फॉल्ट आने से कुछ समय के लिए बिजली गुल रही। ऐसे में लोगों के काम कुछ देर के लिए ठप हो गए, हालांकि कुछ देर बिजली सुचारू होने के बाद शहरवासियों ने राहत की सांस ली।