सात तालाबों का यमुना प्राधिकरण और नौ का बृज तीर्थ विकास परिषद करेगी सौंदर्यीकरण
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बृज क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के मकसद से यमुना प्राधिकरण के की ओर से विकसित किए जा रहे राया हेरिटेज सिटी में आने वाले पौराणिक महत्व के तालाबों और कुंडों को तीर्थ पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां पर ऐसे 16 तालाब चिह्नित किए गए हैं। नौ स्थलों का संरक्षण और सौंदर्यीकरण बृज विकास परिषद करेगी। सात का सौंदर्यीकरण यमुना प्राधिकरण की ओर किया जाएगा। यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं और आगंतुकों को इनके महत्व से अवगत कराने के लिए इन स्थानों पर शिलालेख लगाए जाएंगे। इन पर पूरा विवरण दर्ज होगा।
यमुना प्राधिकरण की ओर से 753 एकड़ जमीन में हेरिटेज सिटी विकसित की जा रही है। इसके अंदर से ही ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे भी गुजर रहा है, जो यमुना प्राधिकरण को बांके बिहारी मंदिर से जोड़ेगा। इसी हेरिटेड सिटी में 16 तालाब और कुंड चिह्नित किए गए हैं, जो पौराणिक महत्व के हैं। श्रद्धालुओं की इनके प्रति बेहद आस्था है। इसको देखते हुए प्राधिकरण ने भी पूरे क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन के रूप में और बेहतर करने की योजना तैयार की। यहां पर तालाबों का जीर्णोद्वार, आगंतुकों के लिए सुविधाएं, लाइटें, बेंच, फुटपाथ समेत विकास कार्य कराने की योजना तैयार की है। इनमें कुसुम सरोवर, संकर्षण कुंड, सुरभि कुंड, हरजी कुंड, श्याम कुंड, राधाकुंड, मानसी गंगा, रूद्र कुंड, अष्टसखी कुंड आदि शामिल हैं।
वृंदावन में आने वालों को अधिक से अधिक धार्मिक स्थल देखने को मिलें, वह उनके विषय में जानें इसी उद्देश्य के साथ हेरिटेज सिटी और उसके आसपास आने वाले 16 तालाबों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा। यहां पर सुविधाओं और विकास के कार्य कराए जाने के अलावा वहां के महत्व का भी उल्लेख किया जाएगा। - डॉ. अरुणवीर सिंह, सीईओ, यीडा