रोहिणी सेक्टर-24 में हुई सामूहिक सफाई, स्वच्छता की शपथ दिलाई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
सेवा पखवाड़े के अंतर्गत समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को रोहिणी सेक्टर-24 में सफाई की गई। इसमें स्थानीय लोगों, स्वयंसेवी संगठनों, आरडब्लूए, युवाओं और स्वच्छता दूतों ने हिस्सा लिया। मंत्री ने पौधे लगाकर लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर इंद्राज ने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान से दिल्ली की तस्वीर बदल रही है। पहले अधिकतर गांवों और शहरी गांवों की आबादी खुले में शौच की मजबूर थी लेकिन इस अभियान के जरिये देशभर में करीब 12 करोड़ शौचालय बने। इससे गांवों में महिलाओं को सम्मान और सुरक्षित जीवन मिला। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली में कूड़े से आजादी, स्वच्छता अभियान इसी महाअभियान से प्रेरित है। उन्होंने लोगों को गीला, सूखा कचरा अलग कर कूड़ेदान व निगम के वाहनों में डालने के लिए कहा। इससे दिल्ली जल्द ही साफ व सुंदर शहर बनेगी।