जसराना। रास्ते में बंधी गाय का वीडियो बनाने पर दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान चले लात-घूंसों एवं लाठी-डंडों से एक पक्ष से पिता-पुत्र तो दूसरे पक्ष से एक महिला घायल हो गई। पुलिस ने तीनों घायलों का जसराना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में परीक्षण कराया। उपचार के दौरान एक घायल ने ट्रॉमा सेंटर में दम तोड़ दिया। अधेड़ की मौत के बाद जहां परिवार में कोहराम मच गया। वहीं मौत की जानकारी मिलने पर गांव में पुलिस फोर्स पहुंच गया। पुलिस हत्यारोपियों की तलाश में जुट गई है।
थाना जसराना के गांव सेवापुर निवासी राजपाल सिंह (47) अपने पुत्र माधव के साथ शुक्रवार की रात 8:30 बजे अपने घर जा रहे थे। रास्ते में नीरज कुमार, राहुल कुमार पुत्रगण चंद्रप्रकाश की गाय बंधी होने पर पिता-पुत्र ने विरोध किया। वहीं अधिकारियों से शिकायत करने के लिए माधव ने वीडियो बनाना शुरु कर दिया। रास्ते में बंधी गाय का वीडियो बनाने पर राहुल एवं नीरज आ गए। आरोप है कि इस दौरान दोनों भाइयों ने मिलकर पिता एवं पुत्र की जमकर पिटाई लगा दी। लाठी-डंडों से पिटाई करने पर पिता एवं पुत्र के सिर में गंभीर चोट लग गई। कोतवाली पहुंचे पिता एवं पुत्र का पुलिस ने जसराना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में परीक्षण कराया। हालत खराब होने पर परिजन राजपाल सिंह को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर लेकर गए। जहां उनकी मौत हो गई। मौत के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जानकारी मिलने पर पुलिस गांव में पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही ग्रामीणों से घटना के बारे में जानकारी ली।
वहीं दूसरे पक्ष से रीना देवी पत्नी नीरज कुमार ने गाय को लोई खिलाते समय वीडियो बनाने का विरोध करने पर पिटाई करने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय ने बताया गाय बांधने को लेकर दो पक्षों में मारपीट की घटना हुई थी। एक पक्ष से दो लोगों एवं एक पक्ष से एक महिला के घायल होने पर डाक्टरी परीक्षण कराया गया था। घायल की तरफ से प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। अब मामला हत्या में तरमीम किया जा रहा है। हत्या का सही कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है।