तावडू। खनन सामग्री से भरे ओवरलोड डंपर गुरुवार को पुलिस के लिए मुसीबत बन गया। ओवरलोड वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने डंपर को रुकने का इशारा किया तो चालक ने गति तेज कर दी। पुलिस ने पीछा करना शुरू किया तो चालक उपमंडल के गांव छारोडा में सरकारी स्कूल के सामने रास्ते पर वाहन को लॉक कर फरार हो गया। डंपर का लॉक खोलने में पुलिस के पसीने छूट गए। गुस्साई पुलिस ने डंपर में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्रित हो गए तो पुलिस ने भी स्थिति को भांपते हुए सदर थाना पुलिस में सूचित कर अन्य कर्मियों को बुलवा लिया। स्कूल के सामने फिरनी के रास्ते में डंपर खड़े होने से गांव में जाम लग गया। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों ने बताया कि सुबह बहुत तेज गति से एक डंपर गांव में घुसा। पुलिस उसका पीछा कर रही थी, गांव के सरकारी स्कूल के पास चालक डंपर को लॉक लगाकर फरार हो गया। लगभग छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस किसी तरह डंपर को लेकर शहर थाने पहुंची। तावडू शहर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह नूंह रोड पर पुलिस ओवरलोड वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान तेज गति से एक डंपर आया, जिसे रुकने का इशारा किया गया लेकिन चालक ने डंपर की गति बढ़ा दी तो पुलिस ने भी उसका पीछा किया। उन्होंने बताया कि यह ओवरलोड का मामला है। डंपर में एलएनटी कंपनी का बिल मिला है। 29 हजार रुपये का चालान कर डंपर को जब्त करके खनन और आरटीए विभाग को सूचित कर दिया गया है।