रबूपुरा (संवाद) । बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों से भाईपुर ब्रह्मनान स्थित नानकेश्वर महादेव मंदिर गूंज उठा। देर रात से ही कांवड़ियों ने जलाभिषेक शुरू कर दिया और सुबह 4 बजे से मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे दिन भोलेनाथ के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा और सेवादार व्यवस्थाएं बनाते रहे। मंदिर में 10 हजार से अधिक कांवडियों ने जलाभिषेक किया और 50 हजार से अधिक शिव भक्तों ने भोलेनाथ के दर्शन कर गंगाजल, धतूरा, दूध, बेलपत्र, दही और चावल चढ़ाकर परिवार के लिए मंगल कामना की।
अलर्ट रही पुलिस फोर्स, मेले का हुआ समापन
नानकेश्वर महादेव मंदिर में आने वाले भक्तों की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट रहा। मंदिर और भक्तों की सुरक्षा व्यवस्था में मंगलवार को 300 से ज्यादा पुलिस कर्मियों की तैनाती रही। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। वहीं, शिवरात्रि के मौके पर मंगलवार को मंदिर समिति के तत्वावधान में चलने वाले 5 दिवसीय मेले का भी समापन हो गया।