बदमाशों के हमले में घायल युवक।
- फोटो : Grnoida
तमंचा मारकर बदमाशों ने दंपती से बाइक और पर्स लूटे
रबूपुरा। जेवर स्थित ससुराल से पत्नी के साथ घर लौट रहे बुलंदशहर निवासी युवक के सिर पर तमंचे की बट से हमला कर बाइक लूट ली गई। बदमाशों ने युवक की पत्नी का पर्स भी छीन लिया, उसके गहनों को आर्टिफिशियल देख छोड़ गए। सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
आनंद विहार बुलंदशहर निवासी शाहरुख रेहड़ी पर सामान बेचने का काम करता है। शाहरुख का तीन माह पहले जेवर निवासी आयशा से निकाह हुआ था। बृहस्पतिवार को शाहरुख ससुराल से बाइक पर पत्नी के साथ घर लौट रहा था। नगला शाहरपुर गांव के पास पीछे से काले रंग की बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उनकी चलती बाइक से चाबी निकाल ली। बाइक अनियंत्रित होने से पति-पत्नी सड़क पर गिर गए। आरोपियों ने लूटपाट की कोशिश की तो शाहरुख ने विरोध किया। इस पर आरोपियों ने तमंचे की बट से शाहरुख के सिर पर वार कर लहूलुहान कर दिया। आरोपी शाहरुख की बाइक और आयशा का पर्स जिसमें करीब एक हजार रुपये व बाइक के दस्तावेज थे, लूटकर फरार हो गए। शाहरुख ने बताया कि उसने एक माह पहले ही बाइक जेवर से ही खरीदी थी।