सैंडविच से निकला ग्लव्स तो दंग रह गया शख्स
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझाकर की शिकायत
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-45 इलाके में ग्राहक ने ऑनलाइन फूड डिलीवरी एप से सैंडविच मंगवाया। खाते ही सैंडविच से प्लास्टिक के ग्लव्स निकल आए। ग्राहक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझाकर शिकायत की।
सोशल मीडिया यूजर सतीश सरावगी ने एक्स हैंडल से पोस्ट करते हुए लिखा, मैंने सैंडविच ऑर्डर किया और खाने में एक दस्ताना मिला! यह अस्वीकार्य है और स्वच्छता संबंधी गंभीर चिंता का विषय है। कृपया जांच करें और यथाशीघ्र जवाब दें। इसी पोस्ट में उन्होंने खाद्य विभाग के एक्स हैंडल को टैग किया। अब इस घटना से सवाल उठने लगा है कि आखिर ऑनलाइन मंगाए जाने वाले इन खाद्य पदार्थों को कितनी स्वच्छता के साथ बनाया जाता है? इस पर खाद्य विभाग कैसे शिकंजा कसेगा। हालांकि इस सोशल मीडिया पोस्ट से पूरे सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट रहा है। वहीं अन्य सोशल मीडिया यूजर्स ने कमेंट करते हुए कहा कि ऐसे रेस्त्रां को बंद कर देना चाहिए।
इस पूरे मामले को लेकर जब सोशल मीडिया पर बवाल मचा तो फूड डिलीवरी एप ने रिप्लाई करते हुए कहा, नमस्ते सतीश, यह सुनकर हम बिल्कुल हैरान हैं। हम सोच भी नहीं सकते कि आपके लिए यह कितना परेशान करने वाला रहा होगा। कृपया हमें कुछ समय दें ताकि हम इस विषय पर रेस्त्रां साझेदार से बात कर सकें, हम इस विषय पर आगे चर्चा करने के लिए आपसे संपर्क करेंगे।