सिरसा। शहर के मुख्य चौक आंबेडकर चौक से लेकर परशुराम चौक तक पांच माह पहले बरसाती लाइन बिछाई गई थी। बारिश के दिनों में आधी सड़क टूटी होने के कारण आमजन व वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। बार-बार लोगों की ओर से सड़क दुरुस्त करवाने की मांग उठाई गई।
ऐसे में दो अक्तूबर गांधी जयंती को नगर परिषद ने विशेष रूप से आंबेडकर चौक से परशुराम चौक तक टूटी हुई सड़क को दुरुस्त करने के लिए टेंडर लगाया गया है। 21 लाख रुपये की लागत से अब सड़क का निर्माण कार्य करवाया जाएगा। इस टेंडर के अनुसार, इंटरलॉकिंग सड़क कच्चे एरिया में बनाई जाएगी। इससे इस रोड से गुजरने वाले वाहन चालकों और दुकानदारों को परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। आंकड़ों के अनुसार प्रतिदिन आंबेडकर चौक से मुख्य बाजार व ऐलनाबाद और चोपटा को 50 हजार से ज्यादा वाहन जाते हैं। इसलिए शहर की यह मुख्य सड़क है।
बारिश में सबसे ज्यादा लोगों व दुकानदारों को उठानी पड़ी थी परेशानी
सिरसा में हुई भारी बारिश के कारण इस मुख्य सड़क पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया था। इसके कारण वाहनों को परेशानी उठानी पड़ी थी। वहीं, कच्ची सड़क पर कई बार वाहन धंस गए थे। ट्रक से लेकर छोटी गाड़ियों का धंसने के कारण काफी नुकसान हुआ था। इस दौरान लोगों ने प्रशासन की लचर कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे।
व्यापार हुआ बुरी तरह से प्रभावित
आठ माह से लाइन की खोदाई से लेकर लाइन बिछाने के बाद तक 100 दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। इस कारण जहां आंबेडकर चौक से लेकर परशुराम चौक तक की दोनों ओर की दुकानों का काम ठप हो गया। वहीं, बिश्नोई मार्केट के लोगों को आज तक परेशानी उठानी पड़ रही है। क्योंकि सड़क टूटने के बाद सीवरेज ओवरफ्लो से पानी का जमा हो जाता है और कीचड़ के कारण मार्केट व मंदिर में लोगों का आने जाने में परेशानी होती है। कुछ ऐसे ही हालात कुछ दूरी पर बनी छोटी ऑटो स्पेयर पार्ट से जुड़ी मार्केट की है। इनका व्यापार बुरी तरह से प्रभावित हुआ था।
इंटरलॉकिंग सड़क बनाने के लिए टेंडर लगा दिया गया है। टेंडर ओपन होने के साथ ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। इससे शहरवासियों व मार्केट के व्यापारियों को फायदा होगा। बरसाती लाइन का इस एरिया में काम हो चुका है। - प्रवीण शर्मा, जेई, नगर परिषद।