नोएडा। एपीजे विद्यालय नोएडा में शनिवार को वरिष्ठ परिवार सदस्य प्रेम व सम्मान दिवस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बच्चों और उनके दादा-दादी, नाना-नानी के बीच स्नेह, सम्मान और पारिवारिक मूल्यों को बेहतर करने के उद्देश्य से मनाया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. नेहा शर्मा ने कहा कि परिवार के वरिष्ठ सदस्य हमारे जीवन के आधार स्तंभ हैं। उनका अनुभव, स्नेह और मार्गदर्शन बच्चों को न केवल संस्कार देता है बल्कि उन्हें भावनात्मक रूप से भी समृद्ध करता है। यह आयोजन बच्चों को अपने परिवार की जड़ों से जोड़ने का एक सुंदर प्रयास है। इस दौरान रैंप वॉक का आयोजन हुआ जिसमें बच्चों और उनके दादा-दादी,नाना-नानी ने एक जैसे पारंपरिक परिधान पहनकर ट्विनिंग थीम पर रैंप वॉक किया। यह दृश्य अत्यंत मनमोहक था और दर्शकों ने तालियों से इसका स्वागत किया। छोटे बच्चों ने रंग-बिरंगे परिधानों में डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं, हैंड प्रिंटिंग गतिविधि में बच्चों और दादा-दादी ने मिलकर हाथों की छाप बनाई, जो एक सुंदर स्मृति के रूप में अंकित की गई। ब्यूरो