100 से अधिक वाहन चुराने वाले गिरोह का सरगना गिरफ्तार
18 गाड़ियां बरामद, नाबालिगों के साथ मिलकर वारदात को देता था अंजाम
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कोतवाली फेज-1 पुलिस ने 100 से अधिक वाहन चुराने वाले गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसके साथ चोरी करने वाले एक किशोर को संरक्षण में लिया है। चोरी की 18 गाड़ियां बरामद की गई हैं, इनमें 14 बाइक, तीन स्कूटी और एक ऑटो शामिल है।
नोएडा जोन के एडीसीपी सुमित कुमार शुक्ला ने बताया कि कोतवाली फेज-1 पुलिस वाहन चोर गिरोह पर काम कर रही थी। सेक्टर-8 स्थित नर्सरी के पास से एक बदमाश को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान बुलंदशहर के जाड़ौल गांव निवासी अनुज शर्मा के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी गिरोह का सरगना है और कुछ किशोरों को साथ रखकर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि इस गिरोह में शामिल बदमाश दिन में रेकी करने के बाद लॉक तोड़कर वाहन चुराते हैं। पुलिस का कहना है कि बदमाशों ने एनसीआर के विभिन्न शहरों से 100 से अधिक वाहनों की चोरी की है। अनुज शर्मा के खिलाफ दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम से लेकर कई शहरों में 21 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।