नई सड़क के कटरा मारवाड़ी में आज आग पर पूरी तरह से काबू पाने की उम्मीद
-
150 दमकलकर्मी व आठ गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटीं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नई सड़क के कटरा मारवाड़ी में आग के कारण जमींदोज इमारत से शुक्रवार को भी रुक-रुककर लपटें उठती रहीं। दमकल विभाग की आठ गाड़ियां व 150 कर्मी आग बुझाने के साथ-साथ इमारत की कूलिंग में जुटे हैं। दमकल अधिकारियों का कहना है कि शनिवार तक आग पर काबू पाए जाने की उम्मीद है। वहीं, शुक्रवार को बाजार में कामकाज पूरी तरह से ठप रहा। करीब एक हजार दुकानें बंद रहीं।
दमकल अधिकारियों के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम पांच बजे कटरा मारवाड़ी की एक इमारत में आग लगने की जानकारी मिली थी। दमकल की 14 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। साड़ियाें, सूट, लहंगे और ड्रेस मेटेरियल की करीब 65 दुकानों में आग लगी थी। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की 36 गाड़ियां और मौके पर भेजी गईं। करीब 250 से अधिक दमकलकर्मी आग बुझाने में जुट गए। करीब दस घंटे बाद आग पर कुछ हद तक काबू पाया गया। इस बीच चार मंजिला इमारत जमींदोज हो गईं। इसके बाद भी अंदर से रुक-रुककर आग की लपटें निकल रही हैं। शुक्रवार सुबह से दमकलकर्मी आग पर काबू पाने और इमारत की कूलिंग के काम में जुटे हैं। शनिवार तक आग पर पूरी तरह से काबू पाने की उम्मीद है। पुलिस के अनुसार, आग पर पूरी तरह से काबू पाने के बाद इमारत के मलबे को हटाया जाएगा। इसके बाद ही पता चलेगा कि कोई हताहत हुआ है या नहीं। शुरुआती जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है।