औद्योगिक विकास आयुक्त व चेयरमैन पहुंचे नोएडा प्राधिकरण, कोर्ट केस और अतिक्रमण की जानकारी ली
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। प्रदेश के औद्योगिक विकास आयुक्त व नोएडा प्राधिकरण के चेयरमैन दीपक कुमार ने शनिवार को प्राधिकरण दफ्तर में लंबी बैठक कर विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने शहर में चल रही परियोजनाओं की प्रगति, अवरोध और संभावित पूर्णता तिथि की जानकारी ली। साथ ही बिल्डर और ठेकेदारों से जुड़े कोर्ट केस, अतिक्रमण व अवैध निर्माण पर की गई कार्रवाई, दर्ज एफआईआर और सीलिंग संबंधी रिपोर्ट भी देखी।
चेयरमैन ने अधिकारियों से शासन स्तर पर लंबित प्रकरणों और आवश्यक सहयोग की जानकारी मांगी। बैठक सुबह 11 बजे सेक्टर-6 स्थित बोर्ड रूम में शुरू हुई और दोपहर बाद तक चली।
प्राधिकरण ने बताया कि भंगेल एलिवेटेड रोड और सेक्टर-94 वेस्ट टू वंडर पार्क तैयार हैं, जबकि चिल्ला एलिवेटेड रोड का निर्माण जारी है। आगे नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर दो अंडरपास बनाए जाएंगे। सेक्टर-151ए इंटरनेशनल गोल्फ कोर्स के शेष कार्य के लिए नई एजेंसी का चयन किया जाएगा। सेक्टर-96 प्रशासनिक भवन के शेष कार्य दो-तीन माह में पूरे करने का लक्ष्य है।
ग्रुप हाउसिंग विभाग ने फ्लैट खरीदारों की रजिस्ट्री और बकाया राशि की स्थिति बताई। न्यू नोएडा परियोजना के लिए भू-लेख संबंधी कर्मचारियों की मांग रखी गई। जन स्वास्थ्य, जल विभाग और सफाई कार्यों की जानकारी भी प्रस्तुत की गई।
हाल ही में चेयरमैन बनाए गए दीपक कुमार की अध्यक्षता में 3 अक्टूबर को बोर्ड बैठक हुई थी। इसके बाद शनिवार को उन्होंने प्राधिकरण में विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सीईओ डॉ. लोकेश एम, सभी एसीईओ और विभाग प्रमुख मौजूद रहे।