-अवैध रूप से शराब बेचने का विरोध करना पड़ा भारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। होली के मौके पर गांव में अवैध रूप से शराब बेचने का विरोध करना एक परिवार को महंगा पड़ गया। आरोप है कि रंजिश के चलते दबंगों ने रास्ते से गुजर रहे पिता-पुत्र पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बिछोर थाना पुलिस ने घायलों के परिजनों की शिकायत पर पांच महिलाओं सहित नौ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बीसरू निवासी राजेश ने बताया कि होली के दिन गांव के ही बृजलाल और रमेशचंद द्वारा अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी। उन्होंने इसका विरोध किया था। इसी बात को लेकर आरोपियों ने रंजिश पाल ली।छह मार्च की शाम को उसके पिता भिक्की और छोटा भाई शंकर गांव के रास्ते से गुजर रहे थे। उसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों, लोहे की सरिया, फरसा और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों को गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान होकर गिर पड़े।
शोर-शराबा सुनकर राजेश भी मौके पर पहुंचा और पिता व भाई को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उस पर भी ताबड़तोड़ लाठियां बरसाईं। बाद में ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर घायलों को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया और उपचार के लिए पुन्हाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को नलहड़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें पीजीआई रोहतक भेज दिया, जहां दोनों का इलाज जारी है। जांच अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर बृजलाल, दिनेश, दीपांशु, हिमांशु, सोना, सीमा, नेहा, शिवानी और कश्मीरा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।