ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित नेफोवा फाउंडेशन और पूर्वांचल एकता मंच पर स्वाति मिश्रा ने करे माई कठिन बरतिया, उगी-उगी दीनानाथ जैसे छठ गीत शुक्रवार को गाए। उनके गीत सुनकर लोग मंत्रमुग्ध हो गए। उन्होंने कहा कि ऐसा आयोजन छठी व्रतियों में ऊर्जा का संचार करते हैं। नेफोवा फाउंडेशन व पूर्वांचल एकता मंच के अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि यह आयोजन चार दिनों तक चलेगा। घाट पर सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। 26 अक्तूबर को धीरज कांत भी अपने भक्ति गीतों से माहौल को भावपूर्ण बनाएंगे। घाट पर करीब पांच हजार श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। आयोजन स्थल पर 25 हजार लीटर गंगाजल डाला जाएगा। कन्नौज के इत्र से घाटों को महकाया जाएगा। ड्रोन से पुष्पवर्षा की जाएगी। गौड़ सिटी एक के लेक व्यू पार्क में गौड़ सिटी छठ पूजा समिति की ओर से पूनम पांडेय ने प्रस्तुति दीं। समिति के उपाध्यक्ष अमरजीत राठौर ने बताया कि दसवें साल में आयोजन पहुंच चुका है।
सोसाइटियों में महिलाओं ने रखा व्रत
कासा ग्रींस-1 सोसाइटी के सचिव महेश यादव ने बताया कि छठ के लिए बड़े बड़े टप की व्यवस्था की गई है जिसमें महिलाएं खड़ी होकर सूर्य भगवान को अर्घ्य देंगी। गौड़ सिटी-1 में रहने वाले मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि उनके यहां भी सोसाइटी में पूजा के इंतजाम किए गए हैं।