नहाय खाय के साथ शुद्धता, सात्विकता और आस्था का चार दिवसीय छठ महापर्व शुरू
50 से अधिक स्थानों पर जल कुंड तैयार किए गए हैं
18 कृत्रिम तालाब नोएडा प्राधिकरण ने बनाए हैं
नोएडा/ग्रेटर नोएडा। शुद्धता, सात्विकता और आस्था का चार दिनी महापर्व छठ शनिवार को नहाय-खाय से शुरू हो गया। व्रतियों ने घरों की साफ-सफाई की। उसके बाद चने और अरहर की दाल, चावल, लौकी की सब्जी का प्रसाद बनाया। रविवार को खरना है। महिलाएं शुद्ध मिट्टी के चूल्हे पर गुड़ व चावल की खीर का प्रसाद तैयार करेंगी।
अखिल भारतीय प्रवासी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि शनिवार को व्रतियों ने पहले भगवान सूर्य और छष्ठी देवी की पूजा कर प्रसाद ग्रहण किया और परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों में वितरित किया।
दूसरी तरफ शहर में 50 से अधिक स्थानों पर जल कुंड तैयार किए गए हैं। इनमें से 18 कृत्रिम तालाब नोएडा प्राधिकरण ने बनाए हैं। सेक्टर-94 स्थित यमुना नदी के तट और कालिंदी कुंज घाट पर सूर्योपासना की तैयारी चल रही है। लोटस पनाश, ग्रैंड अजनारा हैरिटेज, आम्रपाली प्रिंसले समेत कई सोसाइटियों के स्विमिंग पूल अर्घ्य देने की व्यवस्था की जा रही है। छठ घाटों पर महिलाओं और उनके परिवार के सदस्यों ने बेदी बनाई।
5 कुंतल गुलाब और जाफरी के फूलों से होगी सजावट
नोएडा स्टेडियम के रामलीला मैदान में अखिल भारतीय प्रवासी महासंघ पूजा-अर्चना के लिए व्यवस्थाएं करा रहा है। पदाधिकारी विकास व राहुल द्विवेदी ने बताया कि जलकुंड में हरिद्वार से लाए गए गंगाजल को डाला जाएगा। गुलाब की पांच कुंतल पंखुड़ियों और कोलकाता से लाए गए जाफरी के फूलों से कुंड को सजाया जाएगा।
यमुना किनारे सफाई की मांग
छठ पूजा समिति के अध्यक्ष सुजीत केसरी ने बताया कि वह पिछले कई सालों से यमुना नदी के तट, कालिंदी कुंज में छठ महापर्व का आयोजन करते आ रहे हैं। इस बार नोएडा प्राधिकरण से कई बार पत्र देकर साफ-सफाई की गुहार लगाई गई लेकिन यमुना तट पर ठीक से सफाई नहीं की गई।
पीएम मोदी के लिए रखा व्रत
छठी मईया फाउंडेशन के चेयरमैन संदीप दुबे ने बताया कि वह इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए व्रत रख रहे हैं। उनका कहना है कि पीएम नरेंद्र मोदी छठ पर्व को सांस्कृतिक कल्चरल हेरिटेज, यूनेस्को में शामिल कराने की बात मन की बात कार्यक्रम में कह चुके हैं। इसी बात से खुश होकर उनकी लंबी आयु के लिए वह छठ व्रत रख रहे हैं।
पूरा परिवार रखता है व्रत, ताजा हो जाती हैं यादें
बिहार के गोपालगंज की हूं। सास नीलम दुबे, दोनों ननद विभा और अंजुला समेत हम पति-पत्नी व्रत रखते हैं। -राखी दुबे, जेपी कॉसमॉस सोसाइटी, सेक्टर-134
बिहार के समस्तीपुर की रहने वाली हूं। तीन सालों से छठ मना रही हूं। इस पर्व पर यादें ताजा हो जाती हैं। -तूलिका पराशर, लोटस पनाश सोसाइटी, सेक्टर-110
पूजा-पाठ के लिए घाट तैयार
नवादा स्थित छठ घाट को छठ पूजा के लिए तैयार कर लिया गया है। -अनिल झा, अध्यक्ष, पूर्वांचल मिथिलांचल पूजा सेवा समिति
सेक्टर-36 स्थित पार्क में नहाय-खाय के साथ पर्व शुरू हुआ। घाट बनाया गया है। -आशीष कुमार, सदस्य, महाछठ सांस्कृतिक सेवा समिति
गंगाजल से घाट को शुद्ध किया गया है। बिहार के कल्चर पर कार्यक्रम भी होंगे। -एसके ओझा, अध्यक्ष, बिहार पूर्वांचल संस्कृति समिति